Mediawali news
अटलांटिक महासागर में केप वर्डे के पास मौजूद एक लग्जरी क्रूज शिप पर हंटावायरस संक्रमण के मामले सामने आने से हड़कंप मच गया है। इस जहाज पर अब तक पांच लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, जबकि तीन लोगों की मौत हो चुकी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भी मामले को गंभीर मानते हुए अलर्ट जारी किया है। बताया जा रहा है कि इस क्रूज शिप पर दो भारतीय क्रू सदस्य भी मौजूद हैं। फिलहाल जहाज पर मौजूद सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है।
28 देशों के लोग थे सवार
Oceanwide Expeditions कंपनी का यह लग्जरी क्रूज शिप 1 अप्रैल को अर्जेंटीना के उशुआइया शहर से रवाना हुआ था। जहाज को 10 मई तक स्पेन के कैनरी आईलैंड पहुंचना था। रिपोर्ट्स के अनुसार, जहाज पर कुल 28 देशों के लगभग 150 यात्री और क्रू सदस्य मौजूद थे। इनमें सबसे अधिक लोग फिलीपींस, यूनाइटेड किंगडम और अमेरिका से थे। इसके अलावा स्पेन, नीदरलैंड, जर्मनी, कनाडा और भारत के लोग भी जहाज पर सवार थे। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, जहाज पर दो भारतीय क्रू सदस्य भी मौजूद हैं। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वे संक्रमित हैं या नहीं।
WHO ने दी चेतावनी
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने पुष्टि की है कि इस प्रकोप में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। WHO की विशेषज्ञ मारिया वान केरखोव ने कहा कि यह वायरस कोविड-19 या सामान्य फ्लू से अलग है और इसका फैलने का तरीका भी भिन्न है। उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर जहाज पर मौजूद सभी लोगों को मास्क पहनने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संक्रमित लोगों को अलग रखने और निगरानी बढ़ाने की कार्रवाई की जा रही है।
क्या है हंटावायरस?
WHO के अनुसार, हंटावायरस आमतौर पर चूहों और अन्य कृन्तक जीवों के संपर्क से फैलता है। यह वायरस संक्रमित जानवरों के मूत्र, लार या मल के जरिए इंसानों तक पहुंच सकता है। हालांकि, इस बार के मामले में वैज्ञानिकों को इंसानों से इंसानों में संक्रमण फैलने की आशंका भी दिखाई दी है, जो चिंता का विषय माना जा रहा है। यदि इसकी पुष्टि होती है, तो यह हंटावायरस के व्यवहार में बड़ा बदलाव माना जाएगा।
स्वास्थ्य एजेंसियां सतर्क
घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य एजेंसियां और समुद्री सुरक्षा अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। जहाज पर मौजूद यात्रियों और क्रू सदस्यों की मेडिकल मॉनिटरिंग जारी है, जबकि संक्रमण के स्रोत और फैलाव की जांच भी की जा रही है।