MSME योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचे: मंत्री भूपेंद्र चौधरी

कानपुर में हुई विभागीय समीक्षा बैठक

Share your love
Mediawali news,kanpur

MSME योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचे.भूपेंद्र चौधरी ने शुक्रवार को उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय, कानपुर में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में MSME योजनाओं की प्रगति, रोजगार सृजन और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत आयुक्त एवं निदेशक उद्योग के. विजयेंद्र पांडियन ने मंत्री और अन्य अतिथियों के स्वागत के साथ की। उन्होंने विभाग की योजनाओं और उनकी प्रगति की जानकारी भी दी।

युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बनाने पर जोर

बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना और ओडीओपी योजनाओं की समीक्षा की गई। भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। इन योजनाओं का लाभ गांव से लेकर शहर तक हर जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि युवा स्वरोजगार के लिए आगे आएं और रोजगार के नए अवसर पैदा हों।

बैंकिंग समस्याओं के तुरंत समाधान के निर्देश

मंत्री ने कहा कि कई बार लोगों को बैंकिंग प्रक्रिया में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं से जुड़ी बैंकिंग समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाए। साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों को योजनाओं के लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने और ज्यादा से ज्यादा रोजगार सृजित करने पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा गया।

कई योजनाओं की प्रगति पर हुई चर्चा

बैठक में फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, कॉमन फैसिलिटी सेंटर, ओडीओपी सामान्य सुविधा केंद्र और प्लेज योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा उत्तर प्रदेश एमएसएमई प्रोत्साहन नीति-2022, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लक्ष्य और बजट पर विस्तार से चर्चा हुई।

“एक जनपद एक व्यंजन” योजना पर भी चर्चा

बैठक में प्रस्तावित “सरदार वल्लभभाई पटेल औद्योगिक एवं एम्प्लायमेंट जोन” और “एक जनपद एक व्यंजन” योजना की प्रगति की जानकारी भी साझा की गई। मंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक व्यवसायों को बढ़ावा देकर प्रदेश में रोजगार और उद्योग दोनों को मजबूत किया जा सकता है।

एमएलसी संतोष सिंह भी रहे मौजूद

बैठक के दौरान संतोष सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन आयुक्त एवं निदेशक उद्योग द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us