सुवेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में नया मोड़, जांच के लिए यूपी पहुंची SIT

Share your love
Mediawali news, Noida
भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सचिव चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में जांच तेज हो गई है। पुलिस को इस हत्याकांड में अंतरराज्यीय कनेक्शन होने का शक है। मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) अब उत्तर प्रदेश पहुंच गई है। वहीं, बंगाल से लगे सीमावर्ती इलाकों और बॉर्डर के थानों को भी अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में कई जगह छापेमारी की जा रही है।

7 से 8 लोगों के शामिल होने की आशंका

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड में करीब 7 से 8 लोग शामिल हो सकते हैं। जांच एजेंसियों को शक है कि अपराधियों ने आपस में संपर्क बनाए रखने के लिए एक व्हाट्सऐप ग्रुप भी बनाया था, जिसके जरिए पूरी साजिश को अंजाम दिया गया। पुलिस के अनुसार, हमलावरों में दो पेशेवर शार्प शूटर भी शामिल थे। अपराधियों ने अत्याधुनिक हथियारों का इस्तेमाल करते हुए बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

दूसरी बाइक और संदिग्ध कार बरामद

जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई दूसरी बाइक को उत्तर 24 परगना के बारासात इलाके से बरामद कर लिया है। वहीं, सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक लाल रंग की संदिग्ध कार का भी पता चला है। पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद आरोपी इसी कार से मौके से फरार हुए थे। अब पुलिस कार के मालिक और उसमें सवार लोगों की पहचान करने में जुटी है।

यूपी कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस

जांच में सामने आया है कि जिस कार का इस्तेमाल चंद्रनाथ रथ की गाड़ी को रोकने के लिए किया गया था, उसकी नंबर प्लेट सिलीगुड़ी निवासी जेम्स विलियम्स के नाम पर दर्ज है। बताया जा रहा है कि जेम्स विलियम्स ने अपनी निसान माइक्रा कार बेचने के लिए विज्ञापन दिया था। सूत्रों के मुताबिक, कार खरीदने के लिए उत्तर प्रदेश के कुछ लोगों ने उससे संपर्क किया था। इसी कड़ी में पूछताछ और जांच के लिए SIT की टीम उत्तर प्रदेश पहुंची है।

50 सेकंड में अंजाम दी गई हत्या

यह सनसनीखेज घटना बुधवार रात करीब 10:30 बजे मध्यमग्राम के दोहारिया इलाके में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, दो बाइक और एक कार से आए बदमाशों ने चंद्रनाथ रथ की कार को रोका और प्वाइंट ब्लैंक रेंज से गोलीबारी कर दी। इस हमले में चंद्रनाथ रथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका चालक भी गोली लगने से घायल हो गया। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, पूरी वारदात को अंजाम देने में हमलावरों को सिर्फ 50 सेकंड का समय लगा। पुलिस ने बताया कि चंद्रनाथ की कार के आसपास करीब 10 राउंड फायरिंग की गई। घटना के बाद राज्य सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल का गठन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us