Noida: नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला साइबर ठग गिरफ्तार
Mediawali news, noida
बहुराष्ट्रीय कंपनियों में नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य को साइबर क्राइम और फेज वन थाने की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के दो मोबाइल को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। पुलिस आरोपी का आपराधिक इतिहास पता कर रही है।
तकनीकी जांच और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी को पकड़ा गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सचिन कुमार मंडल के रूप में हुई है। वह फिलहाल महारानीबाग, नई दिल्ली में रहता है, जबकि उसका मूल निवास बिहार के मधुबनी जिले में है। जांच में सामने आया कि आरोपी बेरोजगार युवाओं को फोन कर खुद को मल्टीनेशनल कंपनियों से जुड़ा बताता था।
वह युवाओं को अच्छी नौकरी दिलाने का लालच देता था। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस, रजिस्ट्रेशन फीस या अन्य शुल्क के नाम पर उनसे पैसे मांगता था। आरोपी यह पैसा म्यूल बैंक खातों में ट्रांसफर करवाता था, ताकि असली पहचान छिपी रहे। पुलिस के मुताबिक आरोपी एक फर्जी फर्म की आड़ में यह काम कर रहा था। वह खुद को फैशन एंड रिटेल सेक्टर की कंपनी से जुड़ा बताकर लोगों को फोन करता था और स्टेप हेड कंपनी के नाम से नौकरी दिलाने का झांसा देता था। कई लोगों से इस तरह पैसे लेकर ठगी की गई। इस संबंध में बीते दिनों एक पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दी थी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी के साथ इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया है। पुलिस ने लोगों से साइबर ठगी से बचने के लिए सावधानी बरतने की अपील की है।
पुलिस का कहना है कि अगर कोई व्यक्ति नौकरी दिलाने के नाम पर फोन या व्हाट्सएप के जरिए प्रोसेसिंग फीस, सैंक्शन फीस या रजिस्ट्रेशन फीस मांगता है तो तुरंत सतर्क हो जाएं, क्योंकि इस तरह की मांग अक्सर ठगी का संकेत होती है।इसके अलावा किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए फर्जी सैंक्शन लेटर या ऑफर लेटर पर भरोसा न करें। नौकरी के लिए आवेदन करते समय हमेशा कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या विश्वसनीय माध्यम से ही जानकारी की पुष्टि करें। अगर किसी के साथ इस तरह की साइबर ठगी होती है तो तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल या नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराधियों को पकड़ा जा सके।