नोएडा शहर की सुरक्षा में लगी ग्रील चोरी करने वाले 5 बदमाश गिरफ्तार, 15 क्विंटल लोहा बरामद

Share your love


नोएडा अथॉरिटी द्वारा शहर की सुरक्षा के लिए पार्कों और सड़कों के किनारे लगाई गई लोहे की ग्रील चोरी करने वाले गिरोह का सेक्टर-58 थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 15 क्विंटल चोरी का लोहा बरामद किया है। चोरी किया गया यह लोहा सेक्टर-53 के एक कबाड़ी को बेचा जा रहा था, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

एडीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि 10 दिसंबर की रात सेक्टर-61 स्थित एक अपार्टमेंट की ग्रीन बेल्ट से ग्रील और बेंच चोरी की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद फारूक, फिरोज, बशीर, राजा ठाकुर और जुम्मन खान के रूप में हुई है। सभी आरोपी वर्तमान में नोएडा के गिझौड़ गांव में किराये पर रह रहे थे।

रेकी कर देते थे वारदात को अंजाम


पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह दिन में ठेली की आड़ में पार्कों और सोसायटी की रेकी करता था। रात के समय गैस कटर की मदद से ग्रील और बेंच काटकर चोरी कर ली जाती थी। चोरी का सामान ठेलों में भरकर सुनसान स्थानों पर छिपाया जाता और बाद में कबाड़ी के जरिए बेच दिया जाता था। चोरी से मिली रकम को आपस में बांट लिया जाता था।

ग्रील बेचकर खरीदीं दो ठेलियां


पुलिस के अनुसार गिरोह के सरगना मोहम्मद फारूक ने पहले चोरी की गई ग्रील बेचकर दो ठेलियां खरीदी थीं, ताकि माल ढुलाई में आसानी हो सके। इसी माध्यम से आरोपी लगातार शहर और एनसीआर में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

पुलिस ने बताया कि सेक्टर-61 से चोरी की गई ग्रील और बेंच को आरोपियों ने सेक्टर-53 स्थित सीएनजी पंप के पीछे खाली जगह में छिपाया था। फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us