मीडिया वाली

Youtube Live
ब्रेकिंग न्यूज़
नवीनतम समाचार लोड हो रहे हैं...

ग्रिंडर एप पर डेटिंग के बहाने बुलाकर लूटपाट करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार

Tags:
Mediawali news, Noida

ऑनलाइन डेटिंग ऐप ग्रिंडर पर लोगों को फंसाकर लूटपाट करने के आरोप में सेक्टर-113 पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ऐप पर लोगों से दोस्ती करते, फिर मिलने के बहाने बुलाकर उन्हें कार में बैठाते, डराते-धमकाते और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कराकर पैसे लूट लेते। तीनों आरोपियों ने मिलकर अब तक 60 से अधिक वारदात करने की बात कबूली है। पकड़े गए आरोपी बिहार के शिवम झा (20), सागर ठाकुर (18), और उत्तराखंड के कमल (26) हैं। इनके पास से जो चार मोबाइल फोन मिले हैं, उनमें पीड़ितों से बातचीत और वारदात से जुड़े सबूत भी हैं। पुलिस संबंधित पीड़ितों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

पीड़ित से एक लाख रुपये कराए ट्रांसफर

नोएडा एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि सेक्टर 51 निवासी अनूप चौरसिया ने सेक्टर-113 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि ग्रिंडर ऐप पर उसका प्रोफाइल है। 26 मार्च की रात आठ बजे एक युवक ने सेक्टर 76 में डेटिंग के बहाने मिलने के लिए बुलाया। पीड़ित मौके पर पहुंचा तो एक कार में सवार होकर तीन युवक आए और उसे अपने साथ ले गए। इसके बाद घूमने के बहाने उसे कुछ दूर ले गए और मारपीट कर ऑनलाइन एक लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित नोएडा की एक नामी कंपनी में आईटी इंजीनियर है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और कार की पहचान की। तीनों आरोपी अपने परिवार के साथ सेक्टर 51, होशियारपुर में रहते हैं। तीनों ही आठवीं और 10वीं पास हैं। अपराध करने से पहले ये छोटी-मोटी नौकरी करते थे। पुलिस इनके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

लूट के पैसों से खरीदा 55 हजार का मोबाइल

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पीड़ित से ऑनलाइन एक लाख रुपये निकलवाने के बाद अगले दिन 55 हजार रुपये का एक मोबाइल फोन खरीदा। इसके बाद बार में 13 हजार रुपये की शराब पार्टी की। बाकी बचे रुपये उन्होंने अपने पास रख लिए थे। आरोपी रविवार को दोबारा पार्टी करने की योजना बना रहे थे, तभी पुलिस को उनकी लोकेशन मिल गई।

कार की नंबर प्लेट बदल लेते थे

पुलिस के मुताबिक, आरोपी वारदात के दौरान कार की नंबर प्लेट बदल देते थे। डेटिंग एप पर किसी भी शख्स से कुछ समय बातचीत करने के बाद वे उसे किसी सुनसान या तय जगह पर मिलने के लिए बुलाते, फिर कैश व अन्य सामान लूट लेते। पुलिस का कहना है कि आरोपी नंबर प्लेट बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश करते थे। इस गैंग का सरगना शिवम झा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि शिवम का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ नोएडा के विभिन्न थानों में लूट के आठ मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उस पर आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराएं भी दर्ज हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि शिवम ने करीब डेढ़ महीने पहले एक कार खरीदी थी, जिसका इस्तेमाल वारदात में कर रहा था। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios