प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से गौतम बुद्ध नगर के घर बनेंगे ऊर्जा-स्वावलंबी, बिजली बिल में होगी बड़ी बचत

Share your love


भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत गौतम बुद्ध नगर के नागरिकों को अपने घरों की छत पर सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाकर बिजली बिल में भारी बचत करने का अवसर मिल रहा है। योजना का उद्देश्य घरेलू उपभोक्ताओं को स्वच्छ, हरित और किफायती ऊर्जा उपलब्ध कराना है।

नेडा के प्रभारी परियोजना अधिकारी लवेश कुमार सिसोदिया ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाने पर केंद्र सरकार द्वारा प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से सब्सिडी दी जा रही है। 1 किलोवाट तक के सिस्टम पर ₹30,000, 2 किलोवाट तक ₹60,000 और 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सिस्टम पर अधिकतम ₹78,000 की केंद्रीय सब्सिडी का प्रावधान है।

इसके साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से घरेलू उपभोक्ताओं को प्रोत्साहित करने के लिए ₹15,000 प्रति किलोवाट की अतिरिक्त सब्सिडी दी जा रही है, जो अधिकतम 2 किलोवाट तक यानी ₹30,000 होगी। इस प्रकार केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त सब्सिडी से लाभार्थियों को ₹1,08,000 तक का सीधा लाभ मिल सकता है।

योजना से न केवल हर महीने बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आएगी, बल्कि सोलर ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा अतिरिक्त उत्पादित बिजली को ग्रिड में भेजकर उपभोक्ता अतिरिक्त आर्थिक लाभ भी कमा सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन, सरल और पारदर्शी रखी गई है।

योजना का लाभ वही नागरिक उठा सकते हैं, जो भारत के नागरिक हों, जिनके पास स्वयं का मकान, छत और वैध घरेलू बिजली कनेक्शन हो। इच्छुक नागरिक www.pmsuryaghar.gov.in

पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। राज्य सरकार की सब्सिडी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रदान की जाएगी।

जिला प्रशासन, गौतम बुद्ध नगर ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस जनकल्याणकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने घरों को ऊर्जा-स्वावलंबी बनाकर स्वच्छ और हरित भविष्य की दिशा में योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us