Mediawali news
नोएडा के सेक्टर-71 स्थित शिव शक्ति अपार्टमेंट में पानी का संकट गहरा गया है। यहां रहने वाले करीब 10 हजार लोग पिछले तीन दिन से पानी की किल्लत से परेशान हैं। हालात ऐसे हैं कि लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। बच्चे और बड़े बाल्टी लेकर पानी की तलाश कर रहे हैं। वहीं, कई लोग बाहर से टैंकर मंगाकर पानी का इंतजाम कर रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि नोएडा अथॉरिटी के जल विभाग के अधिकारी आखिर इस समस्या का समाधान क्यों नहीं कर पा रहे हैं।
सेक्टर 71 शिव शक्ति अपार्टमेंट आरडब्ल्यूए महासचिव संजय शुक्ला ने बताया कि दीपावली और छठ का पर्व नजदीक है। ऐसे में पानी की किल्लत ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। त्योहारों की तैयारी के बीच लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी पानी का इंतजाम करना पड़ रहा है। निवासियों का कहना है कि हर साल दीपावली और छठ के आसपास पानी की समस्या सामने आती है, लेकिन इसका स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
टैंकर मंगाकर करना पड़ रहा इंतजाम
निवासियों के मुताबिक, पानी नहीं आने के कारण उन्हें बाहर से टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। इससे परेशानी के साथ अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ रहा है। लोगों का सवाल है कि जब नोएडा जैसे शहर में हजारों लोग पानी के लिए परेशान हैं, तो जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से क्यों नहीं ले रहे हैं? तीन दिन से संकट बना हुआ है, लेकिन अब तक राहत नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी है।
आंदोलन की चेतावनी
महासचिव संजय शुक्ला ने कहा कि निवासी एक-एक बूंद पानी के लिए परेशान हैं। अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो लोगों के पास आंदोलन करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा। अब देखना यह है कि नोएडा अथॉरिटी का जल विभाग लोगों को राहत देने के लिए कब तक कदम उठाता है।
दिसंबर के बाद डियर पार्क में देखने को मिलेंगे भारतीय सहित अफ्रीकी हिरण