नोएडा के बिल्डर से 60 लाख की साइबर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
Noida news
फेसबुक दोस्ती से शुरू हुआ ठगी का खेल
नोएडा। सेक्टर-43 में रहने वाले एक बिल्डर से निवेश के नाम पर 60 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित मनोज ने बताया कि 20 अगस्त को वह फेसबुक के जरिए “माही” नाम की महिला के संपर्क में आया। इसके बाद व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हुई, जहां ठगों ने ऑनलाइन स्टोर से जुड़कर 15 से 20 प्रतिशत मुनाफा दिलाने का झांसा दिया।
22 बार में ट्रांसफर कराए 60 लाख रुपये
ठगों के झांसे में आकर मनोज ने “विश शाप” नाम के स्टोर पर माल खरीदने के लिए 24 नवंबर तक 22 बार में कुल 60 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। शुरुआत में लाभ मिलने से उनका भरोसा बढ़ता गया। ऐप पर जब 1.10 करोड़ रुपये दिखे तो उन्होंने रकम निकालने का आवेदन किया, लेकिन ठगों ने टैक्स के नाम पर 11 लाख रुपये की मांग की और रकम न देने पर खाता बंद होने का डर दिखाया। शक होने पर मनोज ने पैसे नहीं दिए, जिसके बाद ठगों ने संपर्क तोड़ दिया।
आरोपी के खिलाफ कई राज्यों में शिकायतें
साइबर थाना पुलिस ने मामले की जांच के बाद रामपुर जिले के नौंगावा निवासी शहनवाज अहमद को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से मोबाइल फोन, चार डेबिट कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, डीएल और 26 कॉलिंग डेटा कॉपी बरामद हुई हैं। आरोपी के बैंक खातों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में कुल 15 शिकायतें दर्ज हैं और खातों में अब तक करीब 1.30 करोड़ रुपये का संदिग्ध ट्रांजेक्शन सामने आया है। पुलिस नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।