Kanpur Protest: नैरोलैक फैक्ट्री के कर्मचारियों का हंगामा, वेतन बढ़ोतरी को लेकर रोड जाम, घंटों फंसे वाहन
ठेकेदारी प्रथा खत्म करने की मांग उठाकर : न्यूनतम वेतन न मिलने से नाराज श्रमिक सड़क पर बैठे
Mediawali news, Kanpur
कानपुर नगर चौबेपुर थाना क्षेत्र में बिठूर मार्ग स्थित Nerolac Paints फैक्ट्री के कर्मचारियों ने गुरुवार को वेतन बढ़ोतरी और श्रमिक हितों की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कर्मचारी फैक्ट्री गेट के बाहर जमा हो गए और नारेबाजी करते हुए सड़क पर धरने पर बैठ गए। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और भीषण गर्मी में राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
महंगाई के बीच वेतन बढ़ाने की मांग
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना था कि लंबे समय से वेतन वृद्धि की मांग की जा रही है, लेकिन कंपनी और ठेकेदारों की ओर से कोई सुनवाई नहीं हो रही। श्रमिकों ने ठेकेदारी व्यवस्था समाप्त कर सीधे भर्ती किए जाने की मांग उठाई। कर्मचारियों का आरोप है कि ठेकेदार मजदूरों को पूरा वेतन नहीं देते और सरकार द्वारा तय न्यूनतम मजदूरी का भी पालन नहीं किया जा रहा।
‘फंड-बोनस तक नहीं मिलता’
धरने पर बैठे कर्मचारियों ने बताया कि ठेके पर काम करने वाले मजदूरों को न तो ईपीएफ, बोनस और अन्य सुविधाएं मिलती हैं और न ही तय मानक के अनुसार वेतन। कर्मचारियों के अनुसार अकुशल श्रमिकों के लिए न्यूनतम वेतन 13,006 रुपये और कुशल कर्मचारियों के लिए 16,025 रुपये निर्धारित है, लेकिन कई मजदूरों को इससे काफी कम भुगतान किया जा रहा है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
मामले की सूचना मिलते ही चौबेपुर थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। वहीं बिठूर पुलिस ने भी पहुंचकर कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस जाम में फंसे वाहनों को धीरे-धीरे निकलवाने में जुटी रही।
पोंजी और मनी सर्कुलेशन योजना के तहत सैकड़ों लोगों से 200 करोड़ी की ठगी
प्रशासन ने शुरू की वार्ता
एसडीएम मनीष कुमार ने बताया कि श्रमिकों से वार्ता की जा रही है और कंपनियों की मनमानी रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। अधिकारियों ने कर्मचारियों से शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने की अपील की है।
दो दिन पहले भी हुआ था प्रदर्शन
गौरतलब है कि दो दिन पहले क्षेत्र की एक मसाला फैक्ट्री के श्रमिकों ने भी वेतन और श्रमिक अधिकारों को लेकर प्रदर्शन किया था। इसके बावजूद मजदूरों की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।