ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कुट्टू का आटा खाने से 15 से अधिक लोग बीमार, चक्की सील, जांच शुरू

Share your love

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सुपरटेक इको विलेज-3 सोसायटी में कुट्टू का आटा खाने से 15 से अधिक लोग बीमार हो गए। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बीमार लोगों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। सभी मरीजों को पेट दर्द, उल्टी और कमजोरी की शिकायत हुई, जो व्रत का भोजन करने के बाद देर रात शुरू हुई।

स्वास्थ्य बिगड़ने पर परिजनों ने ग्रेनो वेस्ट स्थित न्यूमेड अस्पताल में भर्ती कराया, जहां 15 से अधिक लोग एडमिट हैं। वहीं करीब 10 लोगों ने प्राथमिक उपचार के बाद घर जाना बेहतर समझा। बताया जा रहा है कि पीड़ितों ने यह कुट्टू का आटा इको विलेज-3 सोसायटी परिसर में स्थित एक दुकान से खरीदा था।

मामले की जानकारी मिलते ही खाद्य विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग स्थानों से कुट्टू के आटे के सैंपल एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए हैं। जांच में सामने आया कि चिपियाना बुजुर्ग स्थित एक चक्की से दुकानों पर कुट्टू के आटे की सप्लाई की गई थी। खाद्य विभाग ने संबंधित चक्की को सील कर दिया है।

खाद्य विभाग के अनुसार, एचडी स्पाइस मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के मालिक विशेष सिंह ने अपनी पत्नी के नाम गाजियाबाद खाद्य विभाग से लाइसेंस लिया था, जिसकी जानकारी गौतमबुद्ध नगर की टीम को नहीं थी। इस संबंध में बिसरख थाना पुलिस को भी शिकायत दी गई है और आगे की जांच जारी है।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि संदिग्ध खाद्य पदार्थ का सेवन न करें और किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us