Greater Noida : मानदेय बढ़ने पर अनुदेशकों का सम्मान, शिक्षा में योगदान की सराहना

Share your love

Mediawali news, Noida

गौतमबुद्धनगर में शनिवार को अनुदेशकों के सम्मान में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रेटर नोएडा के सिग्मा-1 स्थित Greater Noida World School में हुए इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) Somendra Tomar ने की। यह कार्यक्रम जनपद के अनुदेशकों का बढ़ा हुआ मानदेय मिलने की खुशी में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षा विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। वहां मौजूद सभी लोगों ने इसे उत्साह के साथ देखा।

दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई शुरुआत

लखनऊ कार्यक्रम के समापन के बाद जनपद स्तरीय समारोह का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर मंत्री सोमेंद्र तोमर के साथ अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार सहित अन्य अधिकारियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया। इसके बाद उच्च प्राथमिक विद्यालय घोड़ी बछेड़ा की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की। सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर स्वागत किया गया।

शिक्षा क्षेत्र में अनुदेशकों की भूमिका को बताया अहम

अपने संबोधन में मंत्री सोमेंद्र तोमर ने अनुदेशकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अनुदेशक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है और अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि उसी प्रयास का हिस्सा है। मंत्री ने आशा व्यक्त की कि बढ़े हुए मानदेय से शिक्षकों का मनोबल बढ़ेगा और वे नई ऊर्जा के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करेंगे। सोमेंद्र तोमर ने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य निर्माण की आधारशिला है। ऐसे में अनुदेशकों का कार्य समाज और राष्ट्र निर्माण से जुड़ा हुआ है।

Greater Noida : मानदेय बढ़ने पर अनुदेशकों का सम्मान, शिक्षा में योगदान की सराहना

सात अनुदेशकों को सांकेतिक चेक वितरित

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा जनपद के सात अनुदेशकों को सांकेतिक चेक वितरित कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में सोनम भाटी (उच्च प्राथमिक विद्यालय गुलिस्तानपुर), साहिना परवीन (उच्च प्राथमिक विद्यालय दादरी), देवीराम (उच्च प्राथमिक विद्यालय अट्टा फतेहपुर), विजय (उच्च प्राथमिक विद्यालय मामूरा), रवि खारी तथा सारिका बंसल (उच्च प्राथमिक विद्यालय बिरौंडी चक्रसेनपुर) शामिल रहे। चेक वितरण के दौरान सभागार में मौजूद अनुदेशकों ने तालियों के साथ सम्मानित शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों ने सरकार द्वारा मानदेय बढ़ाए जाने के निर्णय का स्वागत किया और इसे शिक्षा क्षेत्र के लिए सकारात्मक कदम बताया।

कई अधिकारी और शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि रहे मौजूद

समारोह में भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी आशीष सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश सिसोदिया, जिला बचत अधिकारी शलभ राठी, स्कूल की प्रधानाचार्या मंजू कौल, विभिन्न ब्लॉकों के खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक एवं शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा ईसीसीई एजूकेटर, एसआरजी, एआरपी और जनपद के चारों ब्लॉकों से आए बड़ी संख्या में अनुदेशक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। पूरे समारोह के दौरान शिक्षा और शिक्षक सम्मान का सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।

शिक्षा विभाग की उपलब्धियों पर भी हुई चर्चा

कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया। अधिकारियों ने बताया कि विभाग लगातार निपुण भारत मिशन, समेकित शिक्षा और डिजिटल शिक्षा जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में कार्य कर रहा है। समारोह का समापन शिक्षकों के सम्मान और शिक्षा क्षेत्र को और अधिक मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

Noida चूहा केस : मरा हुआ चूहा लेकर थाने केस दर्ज कराने पहुंच गई महिला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us