फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन बेचने का आरोप, 63 लोगों पर दर्ज हुई एफआईआर
Kanpur news
फर्जी जीपीए बनाकर जमीन बेचने का आरोप
नोएडा। हैवतपुर गांव में जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर अवैध रूप से बिक्री करने का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर सेक्टर-113 थाना पुलिस ने बिहार, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में रहने वाले कुल 63 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। महिला ने आरोप लगाया है कि फर्जी जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी (जीपीए) बनाकर उनकी जमीन को अन्य लोगों को बेच दिया गया।
हिस्सेदार होने के बावजूद जमीन पर अवैध कब्जा
बहलोलपुर निवासी मुन्नी देवी ने बताया कि वह हैवतपुर स्थित गाटा संख्या-330 की एक बटे चार हिस्सेदार हैं। उनके अनुसार कुछ लोगों ने आपस में साजिश कर उनकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया और बाद में उसे अन्य लोगों को बेच दिया। आरोप है कि उनके नाम से फर्जी बैंक खाता खोला गया और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैनामा कर दिया गया।
करोड़ों रुपये के सौदे का आरोप
पीड़िता का दावा है कि दस्तावेजों में उनके नाम का दुरुपयोग कर करोड़ों रुपये की जमीन का सौदा कर दिया गया है। जब उन्हें इस धोखाधड़ी की जानकारी हुई तो उन्होंने आरोपियों से पूछताछ की, लेकिन उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने नहीं की कार्रवाई, कोर्ट के आदेश से दर्ज हुआ केस
महिला ने आरोप लगाया कि जब वह पर्थला चौकी पहुंचीं तो वहां तैनात सब-इंस्पेक्टर ने कार्रवाई से इनकार कर दिया और कोर्ट जाने की सलाह दी। इसके अलावा, उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस आयुक्त को पंजीकृत डाक से प्रार्थना पत्र भी भेजा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंततः कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।