डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत; साथी घायल

Share your love

नोएडा।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा एमिटी चौकी क्षेत्र में हुआ, जहां अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है, हालांकि अभी तक मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

पुलिस के मुताबिक, दिल्ली के सरिता विहार निवासी नसीम (23) और इरफान (20) शुक्रवार को किसी काम से बाइक से नोएडा आ रहे थे। इसी दौरान नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों की मदद से दोनों को सेक्टर-128 स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने नसीम को मृत घोषित कर दिया। उसके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं।

वहीं, इरफान के पैर में चोट लगी है और उसका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल सामान्य है। सूचना मिलते ही सेक्टर-39 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों के परिजनों को सूचित किया, जो कुछ ही देर में नोएडा पहुंच गए।

हादसे की वजह पर संशय

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई थी। हालांकि, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से यह हादसा हुआ। हादसे की वास्तविक वजह जानने के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मृतक नसीम का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दोनों युवक गहरे दोस्त बताए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us