राष्ट्रीय गणित दिवस पर पंचशील बालक इंटर कॉलेज में जिला स्तरीय गणित मॉडल प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
गणित के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित हुई प्रदर्शनी
राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर पंचशील बालक इंटर कॉलेज, सेक्टर-91, नोएडा में जिला स्तरीय गणित मॉडल प्रदर्शनी का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस शैक्षणिक आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि विकसित करना और दैनिक जीवन में गणित के व्यावहारिक उपयोग को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत करना रहा। कार्यक्रम मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह के निर्देशन तथा जिला विज्ञान क्लब की जिला समन्वयक अर्चना शिरोमणि के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
मुख्य अतिथियों ने किया कार्यक्रम का उद्घाटन
विद्यालय की समन्वयक शिक्षिका कविता सक्सेना ने बताया कि प्रदर्शनी में नोएडा के चार विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और गणितीय अवधारणाओं पर आधारित नवाचारी मॉडल प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अंतर्राष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी एवं पूर्व भारतीय जूडो टीम के कोच रविंद्र दहिया तथा विशिष्ट अतिथि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जूडो एवं एथलेटिक्स में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके मनीष मान द्वारा दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर किया गया।
छात्रों ने प्रस्तुत किए गणित आधारित नवाचार मॉडल
निर्णायक मंडल में जी.एन.आई.ओ.टी. के प्रोफेसर डॉ. अरुण कुमार सिंह एवं गणित शिक्षिका वंदना कौशिक शामिल रहीं। विद्यार्थियों ने गणित के इतिहास, कोणों के प्रकार, समानांतर रेखाएं, तार्किक पहेलियां तथा गणित के दैनिक जीवन में उपयोग जैसे विषयों पर आधारित आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए। इस दौरान “गणित क्यों आवश्यक है” विषय पर संवाद आयोजित किया गया, जिससे छात्रों में तार्किक सोच और समस्या समाधान क्षमता को बढ़ावा मिला।
प्रतियोगिता के परिणाम घोषित
कार्यक्रम के अंत में परिणाम घोषित किए गए, जिसमें मंथन स्कूल की छात्रा दिव्या सिंह द्वारा प्रस्तुत ‘मैथ क्वेस्ट’ मॉडल को प्रथम स्थान मिला। द्वितीय स्थान पंचशील बालक इंटर कॉलेज के छात्र अर्णव गुप्ता को तथा तृतीय स्थान जे.पी. स्कूल के छात्र विशाल सिंह को प्राप्त हुआ। डायमंड पब्लिक स्कूल के छात्र हिमांशु एवं आदित्य को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
छात्रों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान
विजेता विद्यार्थियों को ट्रॉफी, नकद पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, वहीं सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में रमेश कुमार (WASME) एवं मनीषा श्रीवास्तव (ए.आर.पी., शिक्षा विभाग) की गरिमामयी उपस्थिति रही।
शिक्षा में नवाचार पर जोर
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में नवाचार, आत्मविश्वास और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करती हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. नीरज टंडन ने ऐसे आयोजनों को छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षिकाएं नीलम रानी, सोनी सिंह, ऋचा एवं शकीला की सक्रिय भूमिका रही।