दिल्ली एम्स में दोबारा से पोर्टमार्टम कराने पर अड़े ट्विशा के परिजन
एनसीडब्ल्यू सख्त, मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव और डीजीपी से 7 दिन में मांगी रिपोर्ट
Mediawali news
एनसीडब्ल्यू सख्त, मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव और डीजीपी से 7 दिन में मांगी रिपोर्ट
राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने मध्य प्रदेश के भोपाल में ग्रेटर नोएडा गौर सिटी 16th एवैन्यू निवासी 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत की घटना पर संज्ञान लिया है। एनसीडब्ल्यू ने इस घटना के संबंध में मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र लिखा है। इसके साथ ही जांच कर 7 दिनों में विस्तृत एटीआर दाखिल करने को कहा है। विवाह के मात्र 5 महीने के भीतर ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हुई। पीड़िता के परिजनों ने पति समार्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह पर दहेज उत्पीड़न, मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। अध्यक्ष विजया रहाटकर की ओर से मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर मामले में तत्काल, निष्पक्ष, पारदर्शी व समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोग ने सात दिनों के भीतर विस्तृत एटीआर प्रस्तुत करने को कहा है। 33 वर्षीय पूर्व मॉडल ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल में अपने ससुराल में फांसी पर लटकी हुई पाई गई। ट्विशा का परिवार बेटी की हत्या का आरोप लगा रहा है।
भोपाल के पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने बुधवार को कहा कि सेवानिवृत्त न्यायाधीश की बहू ट्विशा शर्मा के दूसरे पोस्टमार्टम पर पुलिस को कोई आपत्ति नहीं है। भोपाल की एक अदालत ने मंगलवार को 33 वर्षीय ट्विशा की मौत के मामले से जुड़ी केस डायरी तलब की। नोएडा निवासी ट्विशा के परिजनों ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए एम्स दिल्ली में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग संबंधी अर्जी दायर की है। अर्जी में यह भी कहा गया है कि संक्षिप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उल्लेख है कि जांचकर्ताओं ने पोस्टमार्टम के दौरान कथित फंदे के लिए इस्तेमाल वस्तु उपलब्ध नहीं कराई।
ट्विशा शर्मा मौत मामला: भोपाल से ग्रेटर नोएडा तक उठा न्याय का आंदोलन, पति पर गंभीर आरोप
मृतका के परिजनों की ओर से पेश अधिवक्ता अंकुर पांडे ने पहले कहा था कि उन्होंने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दिल्ली में दूसरा पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। पांडे ने कहा कि ट्विशा के माता-पिता को आशंका है कि गिरीबाला सिंह की बहन भोपाल में सर्जन हैं और यदि दूसरा पोस्टमार्टम शहर में हुआ तो वह उसे प्रभावित कर सकती हैं। उन्होंने दावा किया कि पहला पोस्टमार्टम किए जाने के दौरान उक्त सर्जन को एम्स भोपाल के आसपास देखा गया था। ट्विशा के परिजन लगातार दूसरे पोस्टमार्टम की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि मृतका के शरीर पर चोट के निशानों का उल्लेख प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नहीं किया गया। वहीं पुलिस आत्महत्या बता रही और परिजन हत्या बता रहे हैं।
आरोपी पति अब भी फरार, लुकआउट नोटिस जारी
मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह अब भी फरार है। पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। वहीं बुधवार को उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दी गई। अब एयरपोर्ट, बंदरगाह और अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर इमिग्रेशन अधिकारियों को अलर्ट कर गया है।