ट्विशा शर्मा मौत मामला: भोपाल से ग्रेटर नोएडा तक उठा न्याय का आंदोलन, पति पर गंभीर आरोप

- फुफेरी बहन ने आरोपी पति समर्थ पर लगाया आरोप

Share your love
Mediawali news

ग्रेटर नोएडा की गौर सिटी 16th एवेन्यू निवासी ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला अब बड़ा जनआंदोलन बनता जा रहा है। भोपाल में इस केस को लेकर लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को सेना के पूर्व अधिकारी मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) श्याम श्रीवास्तव के नेतृत्व में वर्दी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन ने बाइक रैली निकालकर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और ट्विशा शर्मा को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाई। रैली से पहले भोपाल के शौर्य स्मारक पर ट्विशा को श्रद्धांजलि दी गई। लोगों ने पोस्टर और बैनर के जरिए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

फुफेरी बहन नैना ने लगाए गंभीर आरोप

ट्विशा शर्मा  की फुफेरी बहन और बचपन की दोस्त नैना ने मीडिया से बातचीत में कई गंभीर आरोप लगाए। नैना ने कहा कि ट्विशा बेहद जिंदादिल, प्रेरणादायक और सकारात्मक सोच वाली लड़की थी। वह हमेशा परिवार और दोस्तों को मोटिवेट करती थी। नैना का आरोप है कि ट्विशा के पति समर्थ, जो पेशे से क्रिमिनल लॉयर हैं, ने लंबे समय तक उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। उन्होंने दावा किया कि लगातार मानसिक दबाव और टॉर्चर की वजह से ट्विशा पूरी तरह टूट गई थी। नैना ने कहा कि समर्थ ने ट्विशा को परिवार और करीबियों से दूर करने की कोशिश की। इतना ही नहीं, घटना वाले दिन ट्विशा अपनी मां से फोन पर बात कर रही थी और करीब 15 मिनट बाद उसकी मौत की खबर परिवार को मिली। इस घटनाक्रम ने परिवार के संदेह को और गहरा कर दिया है।

पति पर हत्या का आरोप

ट्विशा शर्मा के परिवार ने पति समर्थ पर हत्या का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या हो सकती है। परिवार के मुताबिक, ट्विशा के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। सामने आए कुछ फोटो और वीडियो में गर्दन और कान के पास घाव जैसे निशान दिखाई दे रहे हैं। यही वजह है कि परिवार निष्पक्ष जांच और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग कर रहा है। परिजनों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।

मानसिक प्रताड़ना और साइकॉलॉजिकल ब्रेकडाउन का दावा

नैना ने आरोप लगाया कि ट्विशा लगातार मानसिक प्रताड़ना का शिकार हो रही थी। उन्होंने कहा कि ट्विशा को इस हद तक मानसिक रूप से परेशान किया गया कि वह साइकॉलॉजिकल ब्रेकडाउन की स्थिति में पहुंच गई थी। बताया जा रहा है कि ट्विशा मानसिक स्थिति को लेकर मनोचिकित्सक से भी परामर्श ले रही थी। इस जानकारी के सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। परिवार और समर्थकों का कहना है कि मानसिक प्रताड़ना को भी गंभीर अपराध माना जाना चाहिए और जांच एजेंसियों को इस एंगल पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

भोपाल में निकली बाइक रैली

भोपाल में निकली बाइक रैली ने इस मामले को नया राजनीतिक और सामाजिक आयाम दे दिया है। बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक संगठनों और पूर्व सैनिकों ने इसमें भाग लिया। रैली के दौरान लोगों ने “ट्विशा को न्याय दो” और “निष्पक्ष जांच हो” जैसे नारे लगाए। वर्दी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के नेतृत्व में निकाली गई इस रैली का उद्देश्य प्रशासन पर निष्पक्ष जांच के लिए दबाव बनाना था।

मेजर जनरल श्याम श्रीवास्तव ने उठाई बड़ी मांग

सेना के पूर्व अधिकारी मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) श्याम श्रीवास्तव ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि अभी भी समय है और सच्चाई सामने लाने के लिए ईमानदार जांच जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर भोपाल में निष्पक्ष जांच संभव नहीं है तो केस को किसी दूसरी एजेंसी या दूसरे शहर में ट्रांसफर किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने दोबारा पोस्टमार्टम कराने की भी मांग की। श्याम श्रीवास्तव ने स्पष्ट कहा कि पीड़िता को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए और जांच में जो भी तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

राज्यपाल, मुख्यमंत्री और डीजीपी से होगी मुलाकात

मेजर जनरल श्याम श्रीवास्तव ने बताया कि इस मामले को लेकर वे जल्द ही राज्यपाल, मुख्यमंत्री और डीजीपी से मुलाकात करेंगे। उनका कहना है कि यह केवल एक परिवार की लड़ाई नहीं बल्कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा और न्याय से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा।

ट्विशा शर्मा मौत मामला अब केवल एक संदिग्ध मौत का केस नहीं रह गया है, बल्कि यह न्याय और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा सामाजिक मुद्दा बनता जा रहा है। परिवार, सामाजिक संगठन और आम लोग लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। अब सबकी नजर प्रशासन और जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Saurabh Yadav
Saurabh Yadav
Articles: 58

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us