तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू ने ली साइकिल सवार की जान, प्रॉपर्टी डीलर हिरासत में

Share your love

नोएडा | सोमवार रात दर्दनाक हादसा

निठारी गांव में सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने साइकिल सवार को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि साइकिल दो टुकड़ों में टूट गई और साइकिल सवार उछलकर करीब पांच मीटर दूर जा गिरा। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है और बीएमडब्ल्यू कार को भी कब्जे में ले लिया गया है।

एलिवेटेड रोड के पास हुआ हादसा

एसीपी प्रवीण सिंह ने बताया कि बुलंदशहर के खुर्जा निवासी 49 वर्षीय अशोक शर्मा सोमवार रात करीब 11 बजे सेक्टर-18 से साइकिल द्वारा वापस लौट रहे थे। जब वह निठारी गांव के सरस्वती स्कूल के सामने एलिवेटेड रोड के पिलर नंबर-30 के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अशोक शर्मा हवा में उछलकर तीन से पांच मीटर दूर सड़क पर गिर पड़े।

टक्कर इतनी भीषण कि खंभा भी टूटा

हादसे के बाद बीएमडब्ल्यू कार अनियंत्रित होकर पास के बिजली के खंभे से टकरा गई। रफ्तार इतनी तेज थी कि खंभा टूट गया और कार डिवाइडर पर चढ़ गई। साइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दो हिस्सों में बंट गई। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने से अशोक शर्मा की हालत नाजुक हो गई।

अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

स्थानीय लोगों ने सड़क पर घायल पड़े अशोक शर्मा को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दी।

आरोपी चालक हिरासत में

पुलिस ने हादसे के कुछ ही देर बाद कार चालक मंकुल महाजन को हिरासत में ले लिया। आरोपी सेक्टर-44 स्थित रुद्राक्ष इंडिपेंडेंट होम सोसाइटी के फ्लैट नंबर 601 में रहता है। पुलिस के अनुसार हादसे के समय कार वही चला रहा था और उसने मौके से भागने की कोशिश भी की थी। आरोपी की उम्र करीब 39 साल बताई जा रही है। कार का वीआईपी नंबर यूपी 16 ईबी 4444 है।

कोहरे में तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

बताया जा रहा है कि कोहरे और धुंध के चलते नोएडा की सड़कों पर स्पीड लिमिट कम की गई है, इसके बावजूद बीएमडब्ल्यू कार की रफ्तार काफी तेज थी। पुलिस का मानना है कि कम विजिबिलिटी में तेज गति ही हादसे की मुख्य वजह बनी।

कार में शराब की बोतल मिलने से बढ़ा शक

हादसे के बाद कार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें कार के अंदर सिगरेट की डिब्बी, लाइटर, शराब की खाली बोतल और सोडा दिखाई दे रहा है। लोग चालक के नशे में होने का दावा कर रहे हैं। हालांकि पुलिस ने आरोपी का मेडिकल कराने की बात कही है, लेकिन शराब के नशे में होने की पुष्टि या खंडन नहीं किया है।

जांच में जुटी पुलिस

हादसे के बाद करीब 40 लोग घटनास्थल पर जमा हो गए थे। पुलिस ने कार को थाने ले जाकर कवर से ढक दिया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व मेडिकल जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us