शादीशुदा होने की बात छुपाकर तीन साल तक लिव-इन में रहा डॉक्टर, मारपीट के बाद फरार

Share your love


पीड़िता ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर लगाई मदद की गुहार

ग्रेटर नोएडा वेस्ट। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाली एक युवती ने एक एनिमल डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि डॉक्टर ने खुद को अविवाहित बताकर उसके साथ करीब तीन साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहा। बाद में शादीशुदा होने का सच सामने आने पर सवाल उठाने पर आरोपी ने मारपीट की और अब फरार है। पीड़िता ने मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

कैसे हुई पहचान

पीड़िता मूल रूप से उत्तराखंड की रहने वाली है और मेनका गांधी की संस्था पीपुल्स फॉर एनिमल से जुड़ी बताई जा रही है। वह गाजियाबाद जिले में पशुओं की सेवा करती है। उसकी पहचान कुछ साल पहले नोएडा सेक्टर-119 स्थित गौर ग्रेन्योर सोसायटी में रहने वाले एनिमल डॉक्टर कृष्णा यादव से हुई। आरोपी डॉक्टर सेक्टर-122 पर्थला चौक पर एनिमल क्लिनिक चलाता है, जहां युवती अपने पालतू और अन्य पशुओं को दिखाने जाती थी।

लिव-इन रिलेशनशिप और आरोप

इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में वे लिव-इन में रहने लगे। शुरुआत में दोनों सेक्टर-119 में साथ रहे और फिर ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने लगे। पीड़िता का आरोप है कि इस साल मई में उसे पता चला कि डॉक्टर पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

पुलिस और फरारी

पीड़िता पहले सेक्टर-113 थाने पहुंची, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर समझौता करा दिया। इसके बाद दोनों बिसरख थाना क्षेत्र में किराए के फ्लैट में रहने लगे। आरोप है कि यहां भी डॉक्टर ने पीड़िता के साथ अभद्र व्यवहार किया और बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद आरोपी नोएडा छोड़कर गोरखपुर स्थित अपने गांव फरार हो गया। पीड़िता ने डॉक्टर के साले आदित्य यादव पर भी मारपीट में शामिल होने का आरोप लगाया है।

पुलिस का पक्ष

एसीपी थर्ड ट्विंकल जैन ने बताया कि जांच में सामने आया है कि युवती को पहले से जानकारी थी कि डॉक्टर शादीशुदा है। इसके बावजूद वह उसके साथ रह रही थी। उन्होंने बताया कि मामला बिसरख थाना क्षेत्र का होने के कारण सेक्टर-113 पुलिस ने शिकायत लेकर उसे बिसरख थाने को भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में है और आगे जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us