मध्यप्रदेश में नशे में धुत पुलिसकर्मी ने मचाई मौत की दौड़, एक की मौत, चार घायल

Share your love

मध्यप्रदेश में नशे में धुत पुलिसकर्मी ने मचाई मौत की दौड़, एक की मौत, चार घायल

मध्यप्रदेश के नीमच ज़िले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। आरोप है कि जवाद थाने में तैनात एएसआई मनोज यादव ने नशे की हालत में अपनी कार से दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं।

यह हादसा शुक्रवार रात भरभड़िया चौराहे के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिसकर्मी मनोज यादव तेज रफ्तार से कार चला रहे थे और अचानक नियंत्रण खो बैठे। उनकी कार ने सामने से आ रही दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी।
इस टक्कर में दशरथ सिंह नामक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो बच्चे और दो अन्य लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि एक बच्चे का पैर बुरी तरह कुचल गया, जिसे बाद में डॉक्टरों ने काटना पड़ा। बच्चे की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद का दृश्य बेहद भयावह था सड़क पर खून से लथपथ शव, पास में रोती हुई एक बच्ची और घायल लोग तड़पते हुए दिखाई दिए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुँचाया गया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एएसआई मनोज यादव की कार के अंदर शराब की बोतलें और गिलास नजर आ रहे हैं। इससे यह संदेह गहरा गया है कि वे शराब के नशे में गाड़ी चला रहे थे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। बढ़ते तनाव को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुँचकर भीड़ को शांत किया।

पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एएसआई मनोज यादव को गिरफ्तार कर निलंबित कर दिया है। अधिकारियों ने कहा है कि “कानून सबके लिए बराबर है, चाहे वह पुलिसकर्मी ही क्यों न हो।”
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि कानून की रखवाली करने वाले ही जब कानून तोड़ें, तो जनता की सुरक्षा किसके हाथ में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us