मामूली विवाद में ई-कॉमर्स कर्मचारी पर हमला

Share your love
Mediawali news


पूर्वी दिल्ली के दल्लूपुरा इलाके में मामूली विवाद के बाद एक ई-कॉमर्स साइट के कर्मचारी पर धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। घायल युवक की पहचान हरिजन बस्ती, दल्लूपुरा निवासी 18 वर्षीय रुद्र प्रताप के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, चार मार्च को दोपहर करीब तीन बजे रुद्र अपने स्टोर पर मौजूद था। इसी दौरान शहीद नाम का एक युवक, जो पहले उसी स्टोर में काम करता था, मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा। अचानक रुद्र की उससे हल्की टक्कर हो गई। इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस और गाली-गलौज शुरू हो गई। कुछ देर बाद शहीद वहां से चला गया, लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ।

साथी के साथ लौटकर किया धारदार हथियार से हमला


पुलिस के अनुसार शाम करीब 6:15 बजे शहीद अपने एक अज्ञात साथी के साथ दोबारा उसी मोटरसाइकिल पर लौटा। दोनों ने स्टोर से कुछ दूरी पर रुद्र को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान अज्ञात युवक ने जेब से धारदार हथियार निकालकर रुद्र पर हमला कर दिया। हमले में रुद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

रुद्र के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। खून से लथपथ रुद्र को उसके दोस्तों ने तुरंत लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस का कहना है कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही दोनों आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us