Delhi Hotel Fire: मालवीय नगर के होटल में भीषण आग, 21 लोगों की मौत, कई घायल
Mediawali news, नई दिल्ली
राजधानी Delhi के Malviya Nagar इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मालवीय नगर स्थित फ्लरिश स्टे नाम के होटल में अचानक आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में सेंट्रल एशिया और अफ्रीकी देशों के कुछ नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि अधिकारियों ने अभी तक विदेशी नागरिकों की सटीक संख्या की पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:50 बजे होटल के रेस्टोरेंट में आग लगने की सूचना मिली। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और होटल की ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गई। आग इतनी भयानक थी कि होटल में ठहरे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया।
मालवीय नगर में घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें लोग अपनी जान बचाने के लिए होटल की ऊंची मंजिलों से कूदते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में मदद की और नीचे गद्दे बिछाकर लोगों की जान बचाने का प्रयास किया।
दिल्ली फायर सर्विस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया। अब तक करीब 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। वहीं कई घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसके अलावा होटल के बेसमेंट से भी छह से अधिक लोगों को बाहर निकाला गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग की टीमें मामले की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग शॉर्ट सर्किट, गैस रिसाव या किसी अन्य वजह से लगी थी।
यह हादसा एक बार फिर राजधानी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। आंकड़ों के अनुसार, पिछले छह महीनों में दिल्ली में आग लगने की विभिन्न घटनाओं में 66 लोगों की जान जा चुकी है। ऐसे में विशेषज्ञ सार्वजनिक भवनों, होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी नियमों के सख्ती से पालन की जरूरत पर जोर दे रहे हैं। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है तथा प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने में जुटा हुआ है।
हरियाणा बनेगा एआई फर्स्ट स्टेट, मुख्यमंत्री नायब सैनी ने लॉन्च किया ASandbox