कमीशन का लालच देकर नाबालिगों से मोबाइल चोरी कराने वाला गिरोह पकड़ा

Share your love


— सेक्टर-63 पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 शातिर गिरफ्तार, 4 नाबालिग बाल सुधार गृह भेजे गए —

नोएडा: भीड़भाड़ में चोरी कराने की साजिश का भंडाफोड़

कमीशन का झांसा देकर नाबालिग बच्चों से मोबाइल चोरी कराने वाले एक शातिर गिरोह का सेक्टर-63 थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार वयस्क बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जबकि चोरी में इस्तेमाल किए जा रहे चार नाबालिगों को अभिरक्षा में लेकर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। आरोपियों के पास से 10 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिन्हें बेचने की तैयारी की जा रही थी।

ऐसे करते थे चोरी की प्लानिंग

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य पहले भीड़भाड़ वाले इलाकों की रेकी करते थे। इसके बाद वे नाबालिग बच्चों को अपने साथ लेकर जाते और उनसे चोरी कराते थे। आरोपी खुद पास में खड़े होकर भीड़ का हिस्सा बने रहते थे।
यदि कोई नाबालिग चोरी करते हुए पकड़ा जाता, तो आरोपी खुद को अनजान बताते हुए मौके से निकल जाते थे और बच्चों को अकेला छोड़ देते थे।

100 रुपये का लालच, हजारों का नुकसान

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले बच्चों को 50 से 100 रुपये कमीशन का लालच देकर मोबाइल फोन चोरी करवाते थे। चोरी के बाद मोबाइल फोन दिल्ली ले जाकर कम कीमत पर बेच दिए जाते थे
आरोपी बच्चों को फैक्ट्रियों और कंपनियों से काम करके लौट रहे कर्मचारियों को बातों में उलझाकर चोरी करवाते थे। इसके अलावा बाजारों, पीजी, कमरों और घरों में घुसकर भी चोरी कराई जाती थी।

एडीसीपी का बयान

एडीसीपी सेंट्रल नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में मोबाइल चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं। इसके बाद एक विशेष टीम गठित की गई। रविवार को पुलिस ने जे-ब्लॉक ग्रीन बेल्ट से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • शिवम – जिला फर्रुखाबाद

  • बिट्टू उर्फ वरुण – आश्रम गेट, बहलोलपुर

  • बाबी – बहलोलपुर

  • तालिब उर्फ साहिल – जिला कासगंज

नाबालिगों को सुधार गृह, आरोपी जेल भेजे गए

पुलिस ने चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं, चारों नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है और यह भी जांच की जा रही है कि कितनी वारदातों में यह गिरोह शामिल रहा है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस तरह के अपराधों पर समय रहते रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us