ककवन पुलिस को बड़ी सफलता, लूट व टप्पेबाजी का आरोपी गिरफ्तार दो अलग-अलग वारदातों का हुआ खुलासा, भेजा गया जेल
Mediawali news, kanpur
कानपुर/ ककवन थाना क्षेत्र में लूट और टप्पेबाजी की घटनाओं का खुलासा करते हुए ककवन पुलिस ने एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी पर जनवरी माह में दो महिलाओं के साथ टप्पेबाजी और फरवरी में दंपति से लूटपाट करने का आरोप है।
पता पूछने के बहाने महिलाओं से टप्पेबाजी
जानकारी के अनुसार 15 जनवरी को कोठी पुरवा निवासी नन्ही देवी अपनी चाची सास के साथ गांव से ककवन जा रही थीं। घटवारे बाबा मंदिर के पास बाइक सवार दो युवकों ने पता पूछने के बहाने उन्हें बातों में उलझा लिया और बहला-फुसलाकर उनके कानों के जेवर उतरवा लिए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
तमंचा दिखाकर दंपति से लूट
वहीं 16 फरवरी को कन्नौज जनपद के तिर्वा थाना क्षेत्र निवासी मुकेश कुमार अपनी पत्नी के साथ बाइक से ककवन के उत्तमपुर गांव जा रहे थे। हेमा नहर पुल और खरपतपुर झाल के बीच पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उन्हें रोक लिया और उनकी पत्नी के जेवर व नगदी लूटकर फरार हो गए थे।
सीसीटीवी व सर्विलांस से मिली सफलता
दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी शशि कपूर पुत्र प्रभु दयाल को गिरफ्तार कर लिया।
तमंचा, कारतूस व नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा, दो कारतूस और लूट व टप्पेबाजी से हासिल 11,100 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है। वहीं फरार अन्य अभियुक्तों की तलाश तेज कर दी और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।