होली पर चोरों का हुड़दंग, दो घरों की होली बेरंग
mediawali news, kanpur
कानपुर।बिल्हौर क्षेत्र में होली से पहले चोरों ने फिर धमाचौकड़ी मचाते हुए मंगलवार रात एक आढ़त और पास के बंद घर को निशाना बना लिया। चोर नगदी, जेवर और अनाज लेकर फरार हो गए। सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
आढ़त का ताला तोड़ दो लाख पार
बिल्हौर थाना क्षेत्र के औरंगपुर सांभी निवासी वीरेंद्र सिंह खजुरी गांव के पास बिल्हौर-रसूलाबाद मार्ग किनारे ‘जय बजरंग ट्रेडर्स’ नाम से आढ़त चलाते हैं। रात में बंद पड़ी आढ़त का मुख्य ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे और लॉकर का ताला तोड़कर करीब दो लाख रुपये नकद, पांच बोरी लाही और दस बोरी गेहूं चोरी कर ले गए।
बंद घर से लाखों के जेवर गायब
आढ़त से कुछ दूरी पर अंता गांव निवासी दीपेंद्र सिंह का मकान है। होली पर वह परिवार सहित गांव गए थे। चोरों ने घर का ताला तोड़कर अलमारी और बक्से खंगाल डाले। सोने की अंगूठी, झुमकी, माला, चैन समेत करीब 15 हजार रुपये नकद पार कर दिए। पूजाघर में रखी बच्चों की गुल्लक भी तोड़ दी गई। पीड़ित ने तीन से चार लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई है।
पेपर विक्रेता की सूचना से खुला मामला
सुबह अखबार देने पहुंचे पेपर विक्रेता ने टूटा ताला देखा और दीपेंद्र को फोन किया। सूचना पर दोनों पीड़ित मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। एसीपी संजय सिंह व थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने मौके का निरीक्षण कर जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया।
पहले भी हो चुकी हैं वारदातें
सोमवार रात रेलवे स्टेशन के सामने किराए के मकान में रह रहे रेलवे वेंडर प्रमोद कुमार के घर में चोरी हुई थी। इससे पहले भगवंतपुर के पास शराब ठेके और चौबेपुर में गैस गोदाम में भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार वारदातों से क्षेत्र में दहशत है।