दिल्ली एनसीआर समेत नोएडा में स्नैचिंग और चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

Share your love
– सभी के खिलाफ अलग-अलग थानों में 30 केस दर्ज

दिल्ली एनसीआर समेत नोएडा में बाइक से रेकी करने के बाद पीजी से लैपटॉप, मोबाइल चोरी के साथ स्नैचिंग करने वाले तीन शातिरों को सेक्टर 58 थाने की पुलिस ने अरेस्ट किया है। बदमाशों के कब्जे से रेकी में इस्तेमाल होने वाली चोरी की बाइक, लूट और चोरी के 13 मोबाइल, चाकू और 19 हजार रुपये कैश मिले हैं। तीनों के खिलाफ नोएडा के के अलग-अलग थानों में 30 केस दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद ने बताया कि सेक्टर 58 थाना क्षेत्र में पीजी और मकानों से लैपटॉप चोरी होने की कई शिकायतें मिली थीं। इसके बाद वारदात करने वाले गिरोह पर शिकंजा कसने के लिए एसीपी स्वतंत्र सिंह की अगुवाई में एक टीम बनाई गई। गिरोह के सदस्य शुक्रवार को जब वारदात करने की फिराक में शहर में दाखिल हुए, तभी मुखबिर से मिली सूचना पर उन्हें पकड़ लिया गया। आरोपियों की पहचान दिल्ली के सीमापुरी निवासी समीर, सुंदरनगरी निवासी अमन और मुस्तफाबाद निवसी जावेद के रूप में हुई है। अमन मूलरूप से बिजनौर का रहने वाला है। तीनों की जब तलाशी ली गई तो उनके पास से लूट और चोरी के कई मोबाइल मिले। गिरोह का सरगना जावेद है। उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में 13 केस हत्या, डकैती, लूट और चोरी की धाराओं में दर्ज हैं। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी उसके खिलाफ सात केस दर्ज मिले हैं। अमन के खिलाफ हरियाणा में एक और उत्तर प्रदेश में सात जबकि सलीम के खिलाफ यूपी में सात केस विभिन्न धाराओं में अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपने कुछ अन्य साथियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। पुलिस जल्द ही अन्य आरोपियों को भी दबोचने का दावा कर रही है। लूट और चोरी का विरोध करने के लिए आरोपी अपने पास चाकू रखते हैं। सभी आरोपी अंतरराज्यीय चोर गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं, जो बीते कई सालों से वारदात कर रहे हैं।

ऐसे करते थे वारदात

एडिशनल डीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि सलीम अपने साथियों अमन और जावेद के साथ सुबह पीजी की उस समय रेकी करते हैं, जब वहां पर साफ सफाई का काम चल रहा होता है। जब पीजी का गेट खुला मिलता है और लोग अपने कामों में व्यस्त रहते हैं, तभी गिरोह के सदस्य अंदर दाखिल होते हैं। मौका पाते ही पीजी में जितने भी मोबाइल और लैपटॉप मिलते हैं, आरोपी चुरा लेते हैं। चोरी के मोबाइल को पश्चिम बंगाल और बिहार समेत अन्य राज्यों में बेचा जाता है। समीर चोरी के मोबाइल को खरीदता भी है। पीजी और मकानों में चोरी करने के साथ गिरोह के सदस्य बाइक से मोबाइल लूट भी करते हैं। पुलिस चोरी और लूट के मोबाइल को बाहर भेजने वाले चैनल के बारे में जानकारी प्राप्त कर रही है।

शहर में की है कई वारदात

अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्यों ने नोएडा में भी कई वारदात की हुई है। इसी साल अगस्त में आरोपियों ने गाजियाबाद के इंदिरापुरम में चोरी की थी। नोएडा के सेक्टर-62 स्थित नवादा गांव में बदमाशों ने चोरी की हुई है। इसी साल सेक्टर-62 स्थित जेपी इंस्टीट्यूट के सामने से आरोपियों ने लैपटॉप और बैग झपटा था। सेक्टर-39 में बदमाशों ने मोबाइल लूट की कई वारदात की है। सभी मामले में संबंधित थाने में केस दर्ज हैं। अमन की उम्र 21 जबकि जावेद की 30 साल है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि गिरफ्त में आए आरोपी अबतक 80 से अधिक वारदात विभिन्न राज्यों और जिलों में कर चुके हैं। आरोपियों के पास से जो नकदी बरामद हुई है, उसे उन्होंने चोरी के मोबाइल को बेचकर अर्जित किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us