अमेरिका से भारत लाया जा रहा अनमोल बिश्नोई: बाबा सिद्दीकी और मूसेवाला मर्डर समेत कई मामलों में वांटेड
बाबा सिद्दीकी के बेटे को अमेरिकी एजेंसी ने भेजी सूचना, मर्डर की जांच SIT को देने की मांग लंबित
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई अमेरिका से भारत डिपोर्ट किया जा रहा है। माना जा रहा है कि वह 19 नवंबर को भारत पहुंच सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अनमोल को अमेरिका में अवैध तरीके से घुसने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उसका यह डिपोर्टेशन भारत में दर्ज उसके क्रिमिनल मामलों से सीधे तौर पर जुड़ा नहीं है।
अमेरिकी डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी ने NCP नेता रहे बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को ईमेल भेजकर डिपोर्टेशन की जानकारी दी। बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर 2024 को मुंबई के बांद्रा के खेरवाड़ी सिग्नल पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली थी।
ईमेल में बताया गया है कि अनमोल बिश्नोई को 18 नवंबर 2025 को अमेरिका से डिपोर्ट किया जा रहा है।
इधर, बॉम्बे हाईकोर्ट ने पिछले हफ्ते महाराष्ट्र सरकार से उस याचिका पर जवाब मांगा है, जिसमें बाबा सिद्दीकी हत्याकांड की जांच स्वतंत्र एजेंसी या कोर्ट-निगरानी SIT से कराए जाने की मांग की गई थी।
अनमोल पर बाबा सिद्दीकी के अलावा सिद्धू मूसेवाला मर्डर और सलमान खान के घर फायरिंग में शामिल होने का भी आरोप है।
NIA ने उस पर ₹10 लाख का इनाम घोषित किया है और उसका नाम मोस्ट वांटेड सूची में शामिल है।
जीशान सिद्दीकी ने कहा कि
“अनमोल समाज के लिए बड़ा खतरा है। मेरे पिता की हत्या में उसका नाम आया था। सलमान खान मामले में भी वह बार-बार सामने आ रहा है। असली सवाल है कि उसे ये काम किसने दिया? इसकी जांच के लिए उसका मुंबई आना जरूरी है।”
अक्टूबर 2024: बाबा सिद्दीकी की हत्या से लेकर गिरफ्तारी तक की कड़ियाँ
हत्या मामले में पुलिस ने हरीश कुमार, गुरमैल बलजीत सिंह, धर्मराज कश्यप और प्रवीण लोनकर को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में जालंधर के जीशान अख्तर का नाम सामने आया, जो घटना के वक्त मौके पर मौजूद था और अनमोल से लगातार संपर्क में था।
सिद्दीकी की मौत के बाद जीशान ने अनमोल को मौके की फोटो और वीडियो भेजकर कन्फर्म किया था कि काम पूरा हो गया है।
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड: पहली बार बड़े पैमाने पर सामने आया अनमोल का नाम
29 मई 2022 को पंजाब के मानसा में सिद्धू मूसेवाला की हत्या के पीछे भी लॉरेंस-गोल्डी बराड़ नेटवर्क था। जांच में सामने आया कि अनमोल और उसका भतीजा सचिन पूरी साजिश में शामिल थे — रेकी से लेकर शूटर और हथियार जुटाने तक।
सलमान खान फायरिंग केस: लॉरेंस की धमकी के बाद सुरक्षा बढ़ी
मार्च 2023 में लॉरेंस बिश्नोई की धमकी के बाद महाराष्ट्र सरकार ने सलमान खान को Y+ कैटेगरी सुरक्षा दी थी।
14 अप्रैल 2024 को उनके घर के बाहर बाइक सवार दो लोगों ने फायरिंग कर दी थी। इस केस में भी अनमोल का नाम सामने आया था।