Budget 2026: दवाएं सस्ती, इनकम टैक्स में राहत नहीं
Union Budget 2026 Live Updates: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में केंद्रीय बजट 2026 पेश कर दिया। बजट में आम आदमी, गरीब और किसानों के लिए कई अहम घोषणाएं की गईं, लेकिन मिडिल क्लास को इनकम टैक्स के मोर्चे पर कोई राहत नहीं मिली।
इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं
वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि आयकर स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इनकम टैक्स स्लैब पहले की तरह ही बने रहेंगे। इसके साथ ही स्टैंडर्ड डिडक्शन में भी कोई संशोधन नहीं किया गया है, जिससे वेतनभोगी वर्ग को निराशा हाथ लगी है।
STT टैक्स बढ़ा, शेयर बाजार में भारी गिरावट
बजट में शेयर बाजार के फ्यूचर एंड ऑप्शन (F&O) सेगमेंट में सिक्योरिटी ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) बढ़ाने का ऐलान किया गया। बाजार को किसी तरह की राहत नहीं मिलने और STT बढ़ने के चलते शेयर बाजार में भारी गिरावट देखी गई। निफ्टी 50 करीब 2.75 फीसदी गिरकर 25,600 के नीचे आ गया।
दवाएं सस्ती करने का एलान
बजट 2026 में आम जनता को राहत देते हुए कई आवश्यक दवाओं को सस्ता करने की घोषणा की गई है। इससे खासकर गरीब और मध्यम वर्ग को स्वास्थ्य खर्च में राहत मिलने की उम्मीद है।
7 नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर
वित्त मंत्री ने घोषणा की कि देश में 7 नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनाए जाएंगे। ये कॉरिडोर मुंबई–पुणे, पुणे–हैदराबाद, हैदराबाद–बेंगलुरु, हैदराबाद–चेन्नई और सिलीगुड़ी–वाराणसी जैसे प्रमुख मार्गों को जोड़ेंगे।
टेक्सटाइल सेक्टर को बढ़ावा
बजट में मेगा टेक्सटाइल पार्क, नेशनल फाइबर स्कीम, मैन-मेड और एडवांस्ड फाइबर को बढ़ावा देने की घोषणा की गई। साथ ही नेशनल हैंडलूम पॉलिसी के जरिए कारीगरों को प्रोत्साहन देने और एकेडमिक संस्थानों से तकनीकी सहयोग की व्यवस्था की जाएगी।