Budget 2026: 1 फरवरी को ही आएगा बजट या बदलेगी तारीख? आज हो सकता है बड़ा फैसला
1 फरवरी रविवार होने से बना संशय, CCPA की बैठक में तय होगी बजट पेश करने की तारीख
नई दिल्ली। आम बजट 2026 को लेकर देश में तैयारियां तेज हो चुकी हैं, लेकिन बजट की तारीख को लेकर अभी भी असमंजस बना हुआ है। हर साल की तरह इस बार भी बजट 1 फरवरी को पेश किया जाना है, लेकिन 2026 में यह तारीख रविवार पड़ रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या सरकार रविवार को ही बजट पेश करेगी या फिर इसकी तारीख आगे बढ़ाई जाएगी। इस संशय पर आज विराम लग सकता है, क्योंकि बजट की तारीख को लेकर सरकार अहम फैसला लेने वाली है।
आज होगी CCPA की अहम बैठक
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, 7 जनवरी को संसदीय कार्य मामलों की कैबिनेट समिति यानी पार्लियामेंट्री अफेयर्स पर कैबिनेट कमेटी (CCPA) की बैठक होने जा रही है। इसी बैठक में वित्त वर्ष 2026-27 के आम बजट को पेश करने की तारीख पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि सरकार 1 फरवरी को ही बजट पेश करने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है, भले ही यह दिन रविवार हो।
1 फरवरी को बजट पेश करने की परंपरा
आमतौर पर केंद्र सरकार हर साल 1 फरवरी को आम बजट पेश करती है। इसके पीछे मकसद यह होता है कि संसद को 1 अप्रैल से शुरू होने वाले नए वित्त वर्ष से पहले बजट प्रस्तावों पर चर्चा करने और उन्हें लागू करने के लिए पर्याप्त समय मिल सके। यही वजह है कि बीते कई वर्षों से बजट की तारीख 1 फरवरी तय की जाती रही है, चाहे वह सप्ताह का कोई भी दिन क्यों न हो।
पहले भी छुट्टी के दिन आ चुका है बजट
सूत्रों का कहना है कि 1 फरवरी को बजट पेश करने का प्रस्ताव इसलिए भी मजबूत है, क्योंकि पहले भी छुट्टी के दिन बजट पेश किया जा चुका है। पिछले साल यानी 2025 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार के दिन बजट पेश किया था। खास बात यह रही कि बजट वाले दिन शेयर बाजार भी खुला रहा था, ताकि निवेशकों और बाजार पर बजट के असर को तुरंत देखा जा सके।
CNBC-TV18 की एक रिपोर्ट में पहले ही संकेत दिए जा चुके हैं कि वित्त मंत्रालय 1 फरवरी को ही बजट पेश करने की तैयारी कर रहा है। अगर ऐसा होता है तो यह पहला मौका नहीं होगा, जब रविवार या छुट्टी के दिन बजट पेश किया जाए।
अरुण जेटली के दौर में भी बदली थी तारीख
इतिहास पर नजर डालें तो बजट की तारीख पहले कई बार बदली भी जा चुकी है। मोदी सरकार के पहले वित्त मंत्री रहे दिवंगत अरुण जेटली ने 2015 और 2016 में आम बजट 28 फरवरी को पेश किया था। ये दोनों बजट भी शनिवार के दिन आए थे। बाद में सरकार ने बजट की तारीख को आगे बढ़ाकर 1 फरवरी कर दिया, ताकि नई वित्तीय वर्ष की शुरुआत से पहले बजट लागू किया जा सके।
निर्मला सीतारमण का आठवां बजट
बजट 2026 वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के लिए भी खास होने वाला है। यह उनका लगातार आठवां आम बजट होगा। इसके साथ ही यह आज़ादी के बाद देश का 80वां बजट भी होगा। ऐसे में सरकार के लिए यह बजट आर्थिक सुधारों, विकास योजनाओं और आगामी नीतियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
आज खत्म हो सकता है इंतजार
अब सबकी नजर आज होने वाली CCPA की बैठक पर टिकी है। इसी बैठक में यह साफ हो जाएगा कि बजट 2026 रविवार 1 फरवरी को ही पेश होगा या फिर सरकार इसकी तारीख में बदलाव करेगी। बजट की तारीख तय होते ही वित्त मंत्रालय और संसद की तैयारियां और तेज हो जाएंगी।