उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का कहर, 19 से 24 जनवरी के बीच बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

Share your love

नई दिल्ली। उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का प्रकोप जारी है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इसी बीच मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार, 19 से 21 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं 22 से 24 जनवरी के दौरान इन इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसी अवधि में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

इसके अलावा, अगले 2 से 3 दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार के कई इलाकों में घने से अत्यंत घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। उत्तर भारत के 13 जिलों में शीतलहर को लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है।

दिल्ली का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में रविवार सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, 19 जनवरी से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और उत्तर-पूर्वी दिशा से हल्की ठंडी हवाएं चलेंगी। स्काईमेट वेदर के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत के अनुसार, 18 से 20 जनवरी के बीच न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है और हल्की बारिश की संभावना है।

उत्तर प्रदेश का हाल

उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिलेगा। 22 से 24 जनवरी के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। फिलहाल तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन घना से बहुत घना कोहरा बना रहेगा, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है।

बिहार में कोहरे की मार

बिहार में अगले दो से तीन दिनों तक घने से बहुत घने कोहरे की संभावना है। हालांकि न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल राज्य में बारिश या शीतलहर को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

राजस्थान में बारिश के आसार

राजस्थान के कुछ हिस्सों में 22 से 24 जनवरी के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 22 और 23 जनवरी को कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं सोमवार को सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने का अनुमान है।

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़

मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी 22 से 24 जनवरी के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। फिलहाल सुबह और रात के समय घना कोहरा बना रहेगा।

उत्तराखंड में बर्फबारी

उत्तराखंड में मौसम ने करवट ले ली है। पहाड़ी इलाकों में हल्का हिमपात और मैदानी क्षेत्रों में धुंध व कोहरा छाया हुआ है। 21 और 22 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी, जबकि 23 और 24 जनवरी को राज्य के बड़े हिस्से में वर्षा की संभावना जताई गई है।

मध्य प्रदेश में शीतलहर

मध्य प्रदेश के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड जारी है। सोमवार को रीवा, शहडोल और जबलपुर संभाग में कहीं-कहीं शीतलहर का असर रह सकता है, जबकि ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में घना कोहरा छाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us