दिल्ली में मौसम में बदलाव, बारिश से हवा साफ होने की उम्मीद
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता (AQI) अभी भी गंभीर स्तर पर बनी हुई है। सोमवार को भी राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। सुबह के समय एक्यूआई 315 रहा, जो पिछले दिन की तुलना में मामूली गिरावट दर्शाता है। इस कारण राजधानी में ग्रेड-2 के प्रदूषण प्रतिबंध लागू हैं। वायु गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए कई इलाकों में पानी का छिड़काव किया जा रहा है, लेकिन फिलहाल हवा अभी भी सांस लेने के लिए हानिकारक बनी हुई है। राजधानी के विभिन्न हिस्सों में प्रदूषण की स्थिति भिन्न है। रविवार को दिल्ली का औसत AQI 321 था, वहीं आनंद विहार में सबसे खराब स्थिति रही, जहां एक्यूआई 429 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। शनिवार को सुबह 5.30 बजे राजधानी का एक्यूआई 257 था। मौसम विभाग के पूर्वानुमानों के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली का AQI ‘खराब’ और ‘बहुत खराब’ श्रेणी के बीच बना रह सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली में दिनभर बादल छाए रहेंगे, और शाम या रात के समय हल्की बारिश की संभावना है। बारिश से हवा में जमी धूल और प्रदूषक कणों को हटाने में मदद मिलेगी, जिससे राजधानीवासियों को कुछ राहत मिल सकती है।
IMD के अनुसार, अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इसके अलावा, पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार हैं। इसके कारण राजधानी में हवाओं के साथ ठंडक बढ़ सकती है। सावधानियों के तहत, बच्चों, बुजुर्गों और स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित लोगों को घर के अंदर रहने और मास्क पहनने की सलाह दी जा रही है। सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण उपायों को तेज कर दिया है, लेकिन मौसम के अनुकूल बदलाव और हल्की बारिश के बिना हवा की गुणवत्ता में तेजी से सुधार की संभावना कम है। राजधानीवासियों को उम्मीद है कि आने वाले दो दिनों में मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार हल्की बारिश और बादलों की उपस्थिति वायु प्रदूषण को कम करने में मदद करेगी।