FIDE शतरंज विश्व कप 2025: प्रज्ञानानंद और विन्सेंट कीमर बाहर, अर्जुन एरिगैसी और हरिकृष्णा पहुंचे राउंड 5 में
गोवा। एफआईडीई शतरंज विश्व कप 2025 के चौथे दौर के टाईब्रेक मुकाबलों में भारत के युवा ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद को हार का सामना करना पड़ा, जिसके साथ ही वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए। इसी के साथ अब तक कुल 22 भारतीय खिलाड़ी प्रतियोगिता से बाहर हो चुके हैं। वहीं, अर्जुन एरिगैसी और पेंटाला हरिकृष्णा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांचवें दौर में जगह बना ली है।
भारतीय खिलाड़ियों का सफर
इससे पहले चौथे दौर में प्रणव वी. वेंकटेश और कार्तिक वेंकटारमण को भी हार का सामना करना पड़ा था।
प्रणव को उज्बेकिस्तान के नोडिर्बेक याकुब्बोएव ने केवल 38 चालों में मात दी, जबकि कार्तिक को वियतनाम के ले क्वांग लियम ने हराया।
अर्जुन एरिगैसी ने दिग्गज पीटर लेको को हराकर अगला दौर पक्का किया, जबकि पेंटाला हरिकृष्णा ने निल्स ग्रांडेलियस को मात देकर पांचवें राउंड में प्रवेश किया।
विदेशी दिग्गजों की बढ़त
टूर्नामेंट के अगले दौर के लिए अब तक होसे एडुआर्डो मार्टिनेज अलकांतारा, लेवोन एरोनियन, अलेक्जेंडर डॉनचेंको, ले क्वांग लियम और नोडिर्बेक याकुब्बोएव क्वालीफाई कर चुके हैं।
अब भी 11 बोर्डों पर 22 खिलाड़ी टाईब्रेक मुकाबलों में अगला राउंड तय करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
भारत का रिकॉर्ड और उम्मीदवारों की दौड़
इस बार रिकॉर्ड 24 भारतीय खिलाड़ियों ने एफआईडीई वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया था। लेकिन चार राउंड के बाद 21 खिलाड़ी बाहर हो चुके हैं।
पहले राउंड में 7 भारतीय, दूसरे में 7 और तीसरे में 5 खिलाड़ियों को हार का सामना करना पड़ा था, जिनमें शीर्ष वरीयता प्राप्त डी. गुकेश और पूर्व कैंडिडेट खिलाड़ी विदित गुजराती भी शामिल हैं।