बावुमा ने विवाद पर तोड़ी चुप्पी: बुमराह-पंत ने मांगी माफी, मैदान में तीखी बातें होती हैं
कोलकाता।
साउथ अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के दौरान हुए विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह और ऋषभ पंत ने मैच के बाद उनसे माफी मांगी थी। यह मामला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए पहले टेस्ट के पहले दिन का है, जब स्टंप माइक में रिकॉर्ड हुई बातचीत सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी।
दरअसल, बुमराह ने बावुमा के खिलाफ LBW की अपील की थी, जिसे अंपायर ने नकार दिया। इसके बाद डीआरएस को लेकर बुमराह और पंत के बीच बातचीत हुई, जिसमें वे बावुमा को “बौना” कहते सुने गए। यह क्लिप सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया।
मीडिया मैनेजर ने दी जानकारी
अपने क्रिकइंफो कॉलम में बावुमा ने लिखा कि मैच के दौरान उन्हें इस टिप्पणी की जानकारी नहीं थी। बाद में टीम के मीडिया मैनेजर ने उन्हें इसके बारे में बताया। बावुमा के मुताबिक, इसके बाद बुमराह और पंत दोनों ने व्यक्तिगत रूप से उनसे माफी मांगी।
बावुमा ने कहा,
“मैदान पर जो होता है, वह वहीं रह जाता है। लेकिन आप यह नहीं भूलते कि क्या कहा गया था। ऐसी बातें कभी-कभी प्रेरणा और ऊर्जा का स्रोत बन जाती हैं, लेकिन इससे कोई लंबे समय तक दुश्मनी नहीं रखता।”
सम्मान बरकरार रहा
उन्होंने साफ किया कि इस विवाद के बावजूद खिलाड़ियों के बीच आपसी सम्मान बना रहा। भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज को उन्होंने हमेशा कड़ी और रोमांचक बताया।
साउथ अफ्रीका ने 2-0 से जीती सीरीज
बावुमा की कप्तानी में साउथ अफ्रीका ने भारत को 2-0 से टेस्ट सीरीज में हराया। यह जीत साल 2000 के बाद पहली बार थी, जब साउथ अफ्रीका ने भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज अपने नाम की।
बावुमा का कप्तानी में अजेय रिकॉर्ड
टेम्बा बावुमा का टेस्ट कप्तान के रूप में अजेय रिकॉर्ड कायम है।
-
अब तक 12 टेस्ट में कप्तानी
-
11 मैचों में जीत
-
1 मैच ड्रॉ
उनकी अगुआई में साउथ अफ्रीका टेस्ट क्रिकेट में लगातार मजबूती दिखा रहा है।