बांग्लादेश को भारत में ही खेलने होंगे टी-20 वर्ल्ड कप के मुकाबले, ICC ने वेन्यू बदलने की मांग खारिज की
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की उस मांग को सख्ती से खारिज कर दिया है, जिसमें टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने मैचों के वेन्यू को भारत से बदलकर श्रीलंका करने की अपील की गई थी। ICC ने साफ शब्दों में कहा है कि बांग्लादेश को अपने सभी लीग मुकाबले भारत में ही खेलने होंगे और अगर टीम ने खेलने से इनकार किया, तो उसे वर्ल्ड कप में मिलने वाले अंक गंवाने पड़ सकते हैं।
यह फैसला ऐसे समय आया है, जब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में मैच खेलने से इनकार कर दिया था। BCB का यह रुख बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से बाहर किए जाने के बाद सामने आया।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, मंगलवार को ICC अध्यक्ष जय शाह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मुंबई में मौजूद थे। इस दौरान पहले उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अधिकारियों से बातचीत की और उसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रतिनिधियों से चर्चा की। बैठक के बाद ICC ने स्पष्ट कर दिया कि टी-20 वर्ल्ड कप के वेन्यू में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा।
क्या है पूरा विवाद
दरअसल, 16 दिसंबर को IPL मिनी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। इसके बाद बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या की घटनाओं को लेकर भारत में मुस्तफिजुर के विरोध की शुरुआत हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बांग्लादेश में अब तक 6 हिंदुओं की हत्या हो चुकी है, जिससे भारत में आक्रोश का माहौल बना।
हालात को देखते हुए BCCI ने मुस्तफिजुर रहमान को IPL खेलने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद 3 जनवरी को KKR ने उन्हें अपनी टीम से रिलीज कर दिया। इस फैसले से नाराज होकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और वहां की सरकार ने IPL के प्रसारण पर प्रतिबंध लगा दिया।
इतना ही नहीं, बांग्लादेश ने भारत में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के मैच खेलने से भी इनकार कर दिया और ICC को ई-मेल भेजकर अपने मुकाबले श्रीलंका में शिफ्ट करने की मांग की।
ICC का सख्त रुख
ICC ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए साफ कर दिया है कि वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में किसी एक टीम के लिए नियम नहीं बदले जा सकते। ICC का कहना है कि अगर बांग्लादेश टीम भारत में मैच खेलने से इनकार करती है, तो उसे नियमों के तहत अंक कटौती का सामना करना पड़ेगा।
हालांकि, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने यह भी कहा है कि वह ICC के साथ मिलकर समाधान निकालने की कोशिश कर रहा है। BCB के अनुसार, ICC ने भरोसा दिलाया है कि वह भारत में टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान बांग्लादेश टीम की सुरक्षा और बिना किसी बाधा के भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
ग्रुप-सी में है बांग्लादेश
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश को ग्रुप-सी में रखा गया है। टीम अपना पहला मुकाबला 7 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 9 फरवरी को इटली और 14 फरवरी को इंग्लैंड से भिड़ंत होगी। ये तीनों मैच कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। वहीं, बांग्लादेश का आखिरी ग्रुप स्टेज मैच 17 फरवरी को मुंबई में नेपाल के खिलाफ होगा।
पाकिस्तान पहले ही भारत में खेलने से कर चुका है इनकार
इस वर्ल्ड कप में पाकिस्तान पहले ही अपने सभी मैच श्रीलंका में शिफ्ट करा चुका है। भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक विवादों के चलते दोनों टीमें एक-दूसरे के देश में क्रिकेट नहीं खेलतीं। पिछले साल भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी के मैच पाकिस्तान में खेलने से इनकार किया था। अब उसी तर्ज पर पाकिस्तान भी भारत में टी-20 वर्ल्ड कप के मुकाबले नहीं खेलेगा। यहां तक कि भारत-पाकिस्तान हाई-वोल्टेज मुकाबला भी श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित किया जाएगा।
अब देखना यह होगा कि ICC के सख्त रुख के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड क्या रुख अपनाता है और टीम भारत में वर्ल्ड कप खेलने के लिए तैयार होती है या नहीं।