शिवराजपुर में बंद घर में बड़ी चोरी, लाखों के जेवरात और नकदी लेकर फरार हुए चोर
कानपुर/शिवराजपुर थाना क्षेत्र के तारापति निवादा गांव में चोरों ने बंद पड़े घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने परिवार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और लाखों रुपये के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया, वहीं पीड़ित परिवार सदमे में है।
जानकारी के अनुसार तारापति निवादा गांव निवासी मिजाजी अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर बंद कर बाहर गए थे। इसी दौरान गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए घर में घुसपैठ की और अलमारी व अन्य सामान को खंगालते हुए करीब 10 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के कीमती जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गए सामान में पायल, मंगलसूत्र, झुमकी, अंगूठी, हाफ पेटी, मांग बेंदी सहित अन्य आभूषण शामिल बताए जा रहे हैं।
सुबह जब पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खुला देखा तो उन्हें शक हुआ। उन्होंने तुरंत पीड़ित परिवार को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा और घर का सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। परिवार ने तुरंत शिवराजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और चोरी की घटना को लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। गांव में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और उन्होंने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है।