शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 30.50 लाख की ठगी, दुबई में नौकरी करने वाला युवक बना शिकार
साइबर जालसाजों ने शेयर ट्रेडिंग और पार्ट-टाइम कमाई का झांसा देकर एक युवक से कुल 30.50 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित दुबई में नौकरी करता है। उसने साइबर थाना पुलिस को शिकायत दी है, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़ित के मुताबिक, उसका दुबई का नंबर व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़कर ठगों ने वारदात को अंजाम दिया। पहले उसे प्रो ट्रेडिंग ऐप से जुड़ने के लिए कहा गया और घर बैठे कमाई का लालच दिया गया। एक अन्य मामले में टेलीग्राम ग्रुप के जरिए पहली बार में 1,000 रुपये की कमाई दिखाकर भरोसा जीत लिया गया।
विश्वास होने के बाद युवक आरोपियों के निर्देश पर लगातार निवेश करता गया। कुछ ही दिनों में ठगों ने उससे करीब 24 लाख रुपये अपने खातों में जमा करा लिए। जब रकम बढ़ाने का दबाव पड़ा और पीड़ित ने सवाल पूछे, तो उसे ग्रुप से बाहर कर दिया गया। आखिरकार पीड़ित ने ठगी का अहसास होने पर पुलिस से शिकायत की।