संत रविदास जयंती पर शिवराजपुर में आयोजन
कानपुर नगर के शिवराजपुर क्षेत्र में संत शिरोमणि रविदास जी की जन्म जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष विनय यादव द्वारा ग्राम दिलीप नगर स्थित कार्यालय में एक भव्य जयंती कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संत रविदास जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान उनके विचारों, कृतित्व और समाज सुधार में दिए गए योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।
सामाजिक समानता का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विनय यादव ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन सामाजिक समानता, मानव गरिमा और भेदभाव के विरोध का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने अपने कर्म और विचारों से यह संदेश दिया कि समाज का वास्तविक उत्थान तभी संभव है, जब व्यक्ति को उसकी जाति, वर्ग या सामाजिक स्थिति के आधार पर नहीं, बल्कि उसके कर्म और मानवीय मूल्यों के आधार पर सम्मान मिले।
भेदभाव के खिलाफ आज भी प्रासंगिक विचार
विनय यादव ने कहा कि संत रविदास जी की वाणी आज भी सामाजिक अन्याय, छुआछूत और असमानता के विरुद्ध एक मजबूत आवाज है। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज वर्षों से शोषण का शिकार रहा है और इस वर्ग को सम्मान दिलाना समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा भेदभाव समाप्त करने के प्रयासों पर हो रहे विरोध का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आज भी समाज में मौजूद ऊँच-नीच और जातिगत भेदभाव को दर्शाता है।
समतामूलक समाज का आह्वान
विनय यादव ने उपस्थित लोगों से संत रविदास जी के विचारों को आत्मसात करने और सामाजिक सौहार्द, भाईचारे व समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी द्वारा कल्पित समतामूलक समाज को साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
जनप्रतिनिधियों की सहभागिता
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य कार्तिकय शुक्ला, वीरेंद्र वर्मा, सुरेश यादव, सुनील यादव, पुरन वर्मा, रोहित राजपूत, रोहित यादव, अरुण यादव, उमेश कुशवाहा प्रधान, रमेश गौतम सहित अनेक कार्यकर्ता व गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और समर्थक मौजूद रहे।