महाशिवरात्रि को लेकर प्रशासन अलर्ट, आनंदेश्वर मंदिर में डीएम का निरीक्षण

Share your love
 
भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

कानपुर नगर। आगामी महाशिवरात्रि पर्व को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने परमट स्थित आनंदेश्वर मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएंगी।

सफाई और कतार व्यवस्था के निर्देश

जिलाधिकारी ने नगर निगम अधिकारियों को नियमित सफाई कर्मियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार तैनाती और दैनिक मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए पुरुष और महिला श्रद्धालुओं की अलग-अलग कतारें लगाने, मजबूत बैरिकेडिंग कराने और दिशा-सूचक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए।

प्रकाश, पार्किंग और मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा

प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डीएम ने खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त अस्थायी लाइट लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्किंग, पेयजल व्यवस्था और पर्याप्त अस्थायी शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

पुलिस तैनाती और कंट्रोल रूम की तैयारी

भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और एक समन्वित कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्देश दिया गया, जिसमें नगर निगम, पुलिस, विद्युत और जल संस्थान सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे।

सभी प्रमुख शिवालयों में समान तैयारी के निर्देश

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी प्रमुख शिवालयों में भी इसी प्रकार की तैयारियां सुनिश्चित की जाएं। मंदिर प्रबंधन समिति के साथ बैठक कर समन्वय आधारित कार्ययोजना पर चर्चा की गई और प्रशासन तथा मंदिर प्रबंधन के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त नगर निगम, पुलिस विभाग, केस्को, जल संस्थान सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Shiva dulare
Shiva dulare
Articles: 118

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us