मीडिया वाली

Youtube Live
ब्रेकिंग न्यूज़
नवीनतम समाचार लोड हो रहे हैं...

कानपुर में छात्र से मारपीट और फायरिंग का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार

कानपुर नगर के काकादेव थाना क्षेत्र के पांडु नगर में बीकॉम छात्र के साथ हुई मारपीट और फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस सनसनीखेज घटना में पुलिस ने बीएससी छात्र समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि तमंचे से फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में दो पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

वायरल वीडियो से हुआ खुलासा

मंगलवार को घटना से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए थे। 39 सेकेंड के वीडियो में आधा दर्जन से अधिक युवक बीकॉम छात्र को थप्पड़ और घूंसों से पीटते नजर आए, जबकि 8 मिनट 29 सेकेंड के सीसीटीवी फुटेज में एक युवक तमंचे से फायरिंग करता दिखा। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पीड़ित की आपबीती

पीड़ित छात्र अमन सोनकर, निवासी गीता नगर, ने बताया कि सोमवार रात करीब 8 बजे वह दोस्तों के साथ पांडु नगर स्थित मानस मंच पार्क के पास चाय पीने गया था। इसी दौरान पास की गली में शराब पी रहे कुछ युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने हवाई फायरिंग की और उसे दौड़ा लिया। जान बचाकर अमन सिल्वर स्पून रेस्टोरेंट के पास पहुंचा, जहां दबंगों ने उसे घेरकर बेरहमी से पीटा। शोर सुनकर रेस्टोरेंट कर्मचारी बाहर आए तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।

सात आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव के अनुसार, वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें बीएससी छात्र हर्षित तिवारी, इंटीरियर डिजाइनर विशाल यादव समेत अन्य शामिल हैं। सीसीटीवी में तमंचे से फायरिंग करता दिखा युवक त्रिलोक (निवासी केशवपुरम) अभी फरार है।

कानून व्यवस्था पर सख्ती

पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios