इंदलपुर में ग्रामसभा की कीमती जमीन पर सियासी घमासान

Share your love

बाउंड्री वॉल और व्यायामशाला को लेकर विवाद

Mediawali news, kanpur

कानपुर नगर/ चौबेपुर विकासखंड की इंदलपुर ग्राम पंचायत में ग्रामसभा की कीमती जमीन को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। कानपुर-अलीगढ़ हाईवे किनारे स्थित इस भूमि पर हाल ही में बाउंड्री वॉल निर्माण और व्यायामशाला बनाए जाने की घोषणा के बाद विवाद खड़ा हो गया।

विधायक ने किया भूमि पूजन

करीब एक सप्ताह पूर्व क्षेत्रीय विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने मौके पर पहुंचकर भूमि पूजन किया था। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की मौजूदगी में व्यायामशाला निर्माण कराने का आश्वासन दिया था।

सपा नेत्री ने लगाए गंभीर आरोप

शनिवार को समाजवादी पार्टी की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रचना सिंह गौतम ने पूरे मामले को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी सरकारी प्रक्रिया—जैसे प्रस्ताव, टेंडर और बजट—के भूमि पूजन कर सरकारी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।

ग्राम प्रधान पक्ष ने किया खंडन

सोमवार को ग्राम प्रधान पति पदम कांत शुक्ला ने सामने आकर सभी आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि यह भूमि ग्रामसभा की है और वर्षों पुराने गड्ढों वाली अनुपयोगी जमीन को सुरक्षित करने के लिए बाउंड्री वॉल बनाई गई है।

भूमाफियाओं से बचाने की दलील

प्रधान पक्ष का दावा है कि क्षेत्र में तेजी से प्लाटिंग का कार्य चल रहा है और भूमाफियाओं की नजर इस जमीन पर थी। ऐसे में प्रशासन की नाप-जोख के बाद इसे सुरक्षित करना जरूरी था। साथ ही ग्रामीणों के हित में व्यायामशाला बनाने का प्रस्ताव रखा गया। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि भ्रामक प्रचार कर रहे नेता के समर्थ ही भूमि को कब्जा करना चाहते हैं।

प्रधान पर भी उठे सवाल

विवाद यहीं नहीं थमा। सपा नेत्री ने ग्राम प्रधान पर भी सवाल खड़े करते हुए उन्हें विधायक की कठपुतली बताया और मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने पूछा कि गांव के अंदर अन्य स्थानों के बजाय इसी कीमती जमीन का चयन क्यों किया गया। जबकि ग्राम प्रधान ने स्पष्ट किया की ग्राम सभा की जमीन बचाना उनकी पहली प्राथमिकता है।

विधायक ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने कहा कि जमीन को सुरक्षित कर लिया गया है और जल्द ही व्यायामशाला का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने विपक्ष के आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि जनता सब समझती है।

Anjali Priya
Anjali Priya
Articles: 253

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us