यमुना तट पर बिखरी ट्यूलिप की छटा
यमुना किनारे खिले ट्यूलिप और रंग-बिरंगे फूल
दिल्ली। यमुना के किनारे विकसित आसिता पार्क इन दिनों अपनी अद्भुत सुंदरता के कारण लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। वसंत ऋतु के आगमन के साथ ही यहां ट्यूलिप समेत कई प्रजातियों के रंग-बिरंगे फूल पूरी तरह खिल चुके हैं, जिससे पार्क का नजारा बेहद मनमोहक हो गया है। फूलों की सजी हुई क्यारियां प्रकृति प्रेमियों और फोटोग्राफी के शौकीनों को खासा आकर्षित कर रही हैं।
विदेशी और स्थानीय पक्षियों ने बढ़ाई खूबसूरती
पार्क की सुंदरता को यमुना के शांत जल में तैरते विदेशी और स्थानीय पक्षी और भी जीवंत बना रहे हैं। पक्षियों की चहचहाहट और फूलों की खुशबू ने पूरे माहौल को प्राकृतिक और सुकूनभरा बना दिया है।
दिल्ली-एनसीआर से पहुंच रहे पर्यटक
इस मनमोहक दृश्य का आनंद लेने के लिए दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में लोग आसिता पार्क पहुंच रहे हैं। परिवार, युवा और पर्यटक यहां प्रकृति के बीच समय बिताने और तस्वीरें लेने के लिए पहुंच रहे हैं।
पर्यटकों की प्रतिक्रिया
दिलशाद गार्डन से आए तनिष्क ने बताया कि गार्डन में खिले फूल दिल को सुकून पहुंचाते हैं और यहां का वातावरण बेहद शांत है, जिससे सुखद अनुभव होता है।