वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़कर फंसाया, ठगे 57 लाख रुपये
जांच में सामने आया है कि रकम गुजरात, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, बिहार, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है।
Mediawali news, Noida
सेक्टर-53 में रहने वाले एक कारोबारी को शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने करीब 57 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने पहले पीड़ित को एक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़कर भरोसा जीता, फिर फर्जी ऑनलाइन ट्रेडिंग वेबसाइट पर निवेश करवाया। जब पीड़ित ने रकम निकालने की कोशिश की तो टैक्स और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर और पैसे मांगे गए। शक होने पर पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-53 के गिझौर निवासी विकास ने पुलिस को बताया कि 9 फरवरी को उनके मोबाइल नंबर को ‘मार्केट इंफॉर्मेशन कंसल्टिंग क्लब (308)’ नाम के एक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया था। ग्रुप में शेयर मार्केट और ऑनलाइन ट्रेडिंग से जुड़ी जानकारी देकर उन्हें निवेश के लिए प्रेरित किया गया। शुरुआती टिप्स में मुनाफा दिखाकर उनका भरोसा जीता गया। इसके बाद ग्रुप एडमिन ने उन्हें एक फर्जी ट्रेडिंग वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कर निवेश करने के लिए कहा। 24 फरवरी को विकास ने पहली बार 50 हजार रुपये लगाए। इसके बाद ज्यादा रिटर्न का लालच देकर 11 अप्रैल तक उनसे 24 ट्रांजेक्शन में 56.93 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए गए। वेबसाइट पर लगातार मुनाफा दिखाया जाता रहा, लेकिन निकासी के समय ठगों ने अतिरिक्त रकम जमा कराने का दबाव बनाया। संपर्क टूटने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। पुलिस अब बैंक खातों और डिजिटल ट्रेल के आधार पर जांच कर रही है।
गुजरात, तमिलनाडु, बिहार और महाराष्ट्र के खातों में गई रकम
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ठगों ने पीड़ित को झांसे में लेकर बोला कि उन्हें बैंक अकाउंट में रकम ट्रांसफर करनी होगी, जिसे वह लोग निवेश कर देंगे, लेकिन इस तरह कभी ट्रेडिंग नहीं होती। वहीं, ठगों ने खाते बदल-बदल कर उन्हें रुपये भेजने के लिए बोला। जांच में सामने आया है कि रकम गुजरात, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, बिहार, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है। पुलिस अब खाताधारकों और फर्जी ट्रेडिंग नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि निवेश से जुड़े वॉट्सऐप और टेलीग्राम ग्रुप्स से लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।Tags