सऊदी अरब में भीषण बस-टैंकर हादसा: उमराह के लिए गए भारतीयों में 42 से अधिक की मौत की आशंका

Share your love

सऊदी अरब के मदीना के पास हुए एक भयावह सड़क हादसे में उमराह के लिए जा रहे भारतीय यात्रियों में से 40 से अधिक लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। यह दुर्घटना उस समय हुई जब मक्का से मदीना जा रही बस एक डीजल टैंकर से टकरा गई। हादसा देर रात करीब 1:30 बजे मुफरिआत या मुहरास इलाके में हुआ, जो मदीना से लगभग 160 किलोमीटर दूर है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस कुछ ही सेकंड में आग की लपटों में घिर गई और कई यात्री सो रहे थे, जिन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

हादसे की प्रारंभिक रिपोर्ट: 42 मौतों की खबर

गल्फ न्यूज सहित कई सऊदी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे में कम से कम 42 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में महिलाएं, बच्चे और हैदराबाद के कई यात्री शामिल होने की आशंका है। बस आग से पूरी तरह जल गई, जिससे कई शवों की पहचान करना भी मुश्किल हो रहा है।

पीएम मोदी ने व्यक्त किया दुख, दूतावास कर रहा मदद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुखद घटना पर गहरा संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि—
“मदीना में भारतीय नागरिकों के साथ हुए हादसे से बेहद दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

पीएम ने बताया कि रियाद दूतावास और जेद्दाह महावाणिज्य दूतावास पीड़ितों की सहायता में लगे हुए हैं और सऊदी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं।

तेलंगाना सरकार भी सक्रिय, जानकारी जुटाने के निर्देश

तेलंगाना सीएम कार्यालय ने बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव डीजीपी को तुरंत हादसे की  जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं।

हैदराबाद से कितने लोग इस दुर्घटना का हिस्सा थे, इसका पता लगाने के लिए विदेश मंत्रालय और सऊदी दूतावास से संपर्क करने को कहा गया है। साथ ही सचिवालय में एक कंट्रोल रूम स्थापित करने का आदेश भी दिया गया है।

दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

जेद्दाह स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने 24×7 चलने वाला कंट्रोल रूम सक्रिय किया है।
टोल फ्री नंबर: 8002440003
अन्य नंबर:

0122614093

0126614276

0556122301 (WhatsApp)

ये नंबर हादसे से प्रभावित भारतीयों के बारे में जानकारी देने और लेने के लिए जारी किए गए हैं।

असदुद्दीन ओवैसी ने जानकारी मांगी, परिवारों के साथ खड़े होने की बात कही

हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि उन्होंने हैदराबाद की दो ट्रैवल एजेंसियों से संपर्क किया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कौन-कौन से लोग उमराह के लिए सऊदी गए थे।
उन्होंने रियाद दूतावास और डिप्टी चीफ ऑफ मिशन अबु मैथ्यू जॉर्ज से भी बात की, जिन्होंने उन्हें भरोसा दिया कि वे जल्द अपडेट देंगे।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी जताया दुख

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने हादसे में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि दूतावास पूरी तरह मदद कर रहा है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि वे लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us