सेक्टर-64 में बेकाबू कार का कहर, कई ई-रिक्शा और बिजली के पोल से टकराई
हादसे में एक ई-रिक्शा चालक घायल, पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर कार जब्त की
सेक्टर 64 स्थित बिजली घर के सामने रविवार देर रात तेज रफ्तार एक कार ने नियंत्रण खोते हुए कई ई-रिक्शा और बिजली के पोल में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर सेक्टर-63 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में ले लिया।
नशे में होने का आरोप, सवारी के इंतजार में खड़े थे ई-रिक्शा
मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि कार चालक नशे की हालत में तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। सवारी के इंतजार में सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा उसकी चपेट में आ गए। इसके बाद कार आगे जाकर बिजली के पोल से टकरा कर रुक गई। टक्कर के कारण कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घायल को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे में एक ई-रिक्शा चालक घायल हो गया, जिसे पुलिस ने तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है।
चालक की पहचान, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार कार चालक की पहचान मूल रूप से अलीगढ़ निवासी कन्हैया कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह कार स्टार्ट कर घर जाने की तैयारी कर रहा था, तभी वाहन से नियंत्रण खो बैठा और यह हादसा हो गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हादसे का वीडियो
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कार सड़क किनारे क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी दिखाई दे रही है और मौके पर लोगों की भीड़ जुटी नजर आ रही है। वीडियो में कुछ लोग चालक के नशे में होने की बात भी कहते दिख रहे हैं।