संपूर्ण समाधान दिवस में गूंजी घोटाले व पेयजल संकट की शिकायतें
संपूर्ण समाधान दिवस में गूंजी घोटाले व पेयजल संकट की शिकायतें नदिया खुर्द गांव में घोटाला 68 शिकायतों में चार का मौके पर निस्तारण
Mediawali news, कानपुर बिल्हौर
तहसील क्षेत्र के ब्लॉक सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस एडीएम रमेश प्रसाद की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान एसडीएम डॉ संजीव दीक्षित व एसीपी मंजय सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में कुल 68 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
शिवराजपुर ब्लॉक के नदिहा खुर्द गांव निवासी एक व्यक्ति ने ग्राम पंचायत में फर्जी कार्य दर्शाकर सरकारी धन के गबन का आरोप लगाया। शिकायतकर्ता का कहना है कि हैंडपंप मरम्मत, इंटरलॉकिंग, नाला निर्माण सहित कई कार्य कागजों में दिखाकर धन का दुरुपयोग किया गया है। मामले में जांच कर कार्रवाई की मांग की गई।
वहीं बिल्हौर क्षेत्र के एक गांव में पानी की टंकी बनने के बावजूद पेयजल आपूर्ति शुरू न होने की शिकायत भी अधिकारियों के सामने रखी गई। ग्राम प्रधान रामेंद्र कुमार कटियार ने बताया कि कार्यदायी संस्था ने मार्च 2023 में कार्य पूर्ण दिखा दिया, लेकिन आज तक जलापूर्ति शुरू नहीं हुई और निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत भी नहीं कराई गई।
महाराणा प्रतापनगर निवासी प्रवेश कुमार मिश्रा ने विद्युत विभाग पर बिना अनुमति उनके प्लॉट के मुख्य गेट के सामने बिजली का पोल लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि उपजिलाधिकारी के आदेश के बावजूद अभी तक पोल नहीं हटाया गया है। ग्राम पूरा निवासी उमाशंकर ने कुछ लोगों पर फर्जी बैनामा कर जमीन कब्जाने की कोशिश और रंगदारी मांगने का आरोप लगाया। विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की गई। अधिकारियों ने शेष सभी शिकायतों का शिकायतकर्ता की उपस्थिति में निष्पक्ष व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।