राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर न्यायिक अधिकारियों संग मंथन बैठक सम्पन्न

Share your love

Mediawali news, Noida

गौतमबुद्धनगर में 09 मई 2026 को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए न्यायिक अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक माननीय जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव की अध्यक्षता में न्यायालय सभागार में हुई। बैठक में अधिक से अधिक मामलों का जल्दी निस्तारण करने और लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जागरूक करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे लंबित मामलों की तैयारी समय से पूरी करें और ज्यादा से ज्यादा लोगों को लोक अदालत का लाभ दिलाने के लिए प्रचार-प्रसार करें, ताकि आम नागरिकों को सस्ता, सरल और त्वरित न्याय मिल सके।

विभिन्न प्रकार के मामलों का होगा निस्तारण

राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जनपद मुख्यालय के साथ-साथ सभी तहसील न्यायालयों में किया जाएगा। लोक अदालत के माध्यम से मोटर दुर्घटना प्रतिकर अधिनियम, वैवाहिक वाद, दीवानी वाद, भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम, श्रम विवाद, सेवा एवं पेंशन संबंधी प्रकरण, एमवी एक्ट एवं ई-चालान मामले, धारा 138 एनआई एक्ट के वाद, विद्युत अधिनियम के मामले तथा लघु शमनीय अपराधों सहित विभिन्न प्रकार के मामलों का आपसी सुलह-सहमति के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। इसके अलावा प्री-लिटीगेशन स्तर पर बैंक ऋण, बिजली बिल और बीएसएनएल बिल जैसे मामलों को भी लोक अदालत में शामिल किया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिल सके।

न्यायिक अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश

बैठक के दौरान माननीय जनपद न्यायाधीश ने सभी न्यायिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अधिक से अधिक वादों का चिन्हांकन कर समय से पक्षकारों को सूचना उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन को सरल, सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता एवं समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को इस पहल से जोड़ा जाए, ताकि लंबित मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित हो सके।

कई न्यायिक अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में प्रथम अपर जिला जज सुनील कुमार, अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत सोमप्रभा मिश्रा, अपर जिला जज पोक्सो अभिषेक पाण्डेय, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मयंक त्रिपाठी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवानी रावत सहित कई न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने का भरोसा जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us