राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर न्यायिक अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित

Share your love

Mediawali news, Noida

09 मई को जनपद में लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत

जनपद गौतम बुद्ध नगर में आगामी 09 मई 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह लोक अदालत जनपद मुख्यालय स्थित दीवानी न्यायालय के साथ-साथ सभी तहसील न्यायालयों में आयोजित होगी। लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों का आपसी सहमति एवं सुलह के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाएगा, जिससे आम नागरिकों को शीघ्र एवं सुलभ न्याय मिल सके।

विभिन्न प्रकार के मामलों का होगा निस्तारण

राष्ट्रीय लोक अदालत में दीवानी वाद, वैवाहिक एवं पारिवारिक विवाद, दाखिल-खारिज और भूमि पट्टा संबंधी प्रकरण, बेगार श्रम विवाद, शमनीय प्रकृति के फौजदारी मामले, बैंक ऋण प्रकरण, राजस्व वाद, वन भूमि विवाद, भूमि अर्जन से जुड़े प्रकरण तथा मोटर वाहन दुर्घटना मुआवजा दावों सहित कई मामलों का निपटारा किया जाएगा। लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य पक्षकारों को न्यायालयी प्रक्रिया से राहत देते हुए कम समय और कम खर्च में समाधान उपलब्ध कराना है।

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक

राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने और अधिकतम वादों के निस्तारण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से माननीय जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव के निर्देशन में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गौतम बुद्ध नगर हरिकेष पाण्डेय की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के समस्त न्यायिक मजिस्ट्रेट अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आम नागरिकों को सरल, सहज और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी न्यायिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अधिक से अधिक वादों का पूर्व चिन्हांकन करें तथा संबंधित पक्षकारों को समय से नोटिस जारी कर लोक अदालत में उपस्थित होने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने यह भी कहा कि समयबद्ध तैयारी और समन्वय के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

न्यायिक अधिकारियों की रही उपस्थिति

बैठक में अपर सिविल जज एसडी/एसीजेएम मयंक त्रिपाठी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवानी रावत, अपर सिविल जज एसडी/एसीजेएम विरेक अग्रवाल, रवि कुमार सागर, सुमित कुमार, सिविल जज सीडी रिचा शुक्ला, सिविल जज जूडि अंकिता सिंह, जूही आनंद, प्रभात कुमार एवं सिद्धार्थ कुमार सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।

आमजन से सहयोग की अपील

जिला न्यायालय प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि जिनके मामले लोक अदालत के दायरे में आते हैं, वे इस अवसर का लाभ उठाकर आपसी सहमति से अपने मामलों का निस्तारण कराएं। इससे न केवल समय और धन की बचत होगी, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया भी अधिक सरल और प्रभावी बन सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us