ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को दी जाएगी जानकारी
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में यह पहल की गई है। प्रचार वाहन जनपद के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व और लाभों के बारे में जागरूक करेगा। इस अभियान के माध्यम से आमजन को यह जानकारी दी जाएगी कि राष्ट्रीय लोक अदालत में आपसी सुलह एवं सहमति के आधार पर विभिन्न प्रकार के मामलों का त्वरित और सरल समाधान किया जा सकता है। साथ ही लोगों को लोक अदालत में अपने मामलों के निस्तारण के लिए प्रेरित भी किया जाएगा।
अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण पर जोर
माननीय जनपद न्यायाधीश ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य लोगों को सस्ता, सरल और शीघ्र न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अधिक से अधिक लोगों तक इस अभियान की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा वादों का निस्तारण संभव हो सके। राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक ऋण, बिजली बिल, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, राजस्व एवं अन्य शमनीय मामलों का समाधान आपसी सहमति से किया जाएगा।
कई न्यायिक अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर सुनील कुमार अपर जिला जज-प्रथम, सोमप्रभा मिश्रा अपर जिला जज-द्वितीय एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत, कुमार गौरव अपर जिला जज, मयूर जैन अपर जिला जज-चतुर्थ, आशीष कुमार चैरिसया अपर जिला जज-पंचम, बबीता पाठक सिविल जज सीडी, मयंक त्रिपाठी अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-प्रथम तथा शिवानी रावत सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।