पश्चिम बंगाल चुनाव: मतदान के बीच हिंसा, कई जगह झड़प और हमले
Mediawali news
पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के दौरान कई इलाकों से हिंसा और मारपीट की घटनाएं सामने आई हैं। अलग-अलग विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं के बीच टकराव ने चुनावी माहौल को तनावपूर्ण बना दिया।
नाओदा में हुमायूं कबीर की कार पर हमला
मुर्शिदाबाद जिले के नाओदा क्षेत्र में हुमायूं कबीर और TMC कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई।बताया जा रहा है कि कबीर के घटनास्थल पहुंचते ही उनका विरोध शुरू हो गया, जिसके बाद हालात बिगड़ गए।उनकी कार पर पत्थरों और लाठियों से हमला किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
कुमारगंज में BJP प्रत्याशी से मारपीट
दक्षिण मिदनापुर के कुमारगंज सीट से BJP प्रत्याशी सुवेंदु सरकार पर भी हमला हुआ। वीडियो में देखा गया कि वह भीड़ से बचने के लिए भाग रहे थे, लेकिन भीड़ ने उनका पीछा कर उनके साथ मारपीट की। चुनाव आयोग ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए वीडियो में दिख रहे लोगों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
आसनसोल में अग्निमित्रा पॉल की कार पर हमला
आसनसोल साउथ सीट से BJP उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल की कार पर बर्नपुर इलाके में हमला किया गया। हमले में उनकी गाड़ी का पिछला शीशा टूट गया। घटना के समय वह कार के अंदर मौजूद थीं, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
सिलीगुड़ी में BJP-TMC कार्यकर्ता आमने-सामने
सिलीगुड़ी के जगदीश चंद्र विद्यापीठ बूथ के बाहर भी BJP और TMC कार्यकर्ताओं के बीच बहस हिंसक झड़प में बदल गई।
हालांकि सुरक्षाबलों ने समय रहते हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
मालदा में EVM खराब, बूथ पर हंगामा
मालदा जिले के एक मतदान केंद्र पर EVM खराब होने से लोगों में नाराजगी फैल गई। गुस्साए लोगों ने चुनाव अधिकारी को घेर लिया, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने हस्तक्षेप कर अधिकारी को सुरक्षित बाहर निकाला और मतदान प्रक्रिया को फिर से सुचारु किया। पश्चिम बंगाल में मतदान के दौरान हुई ये घटनाएं चुनावी सुरक्षा और निष्पक्षता को लेकर सवाल खड़े करती हैं। हालांकि सुरक्षा बलों की तैनाती से कई जगह हालात काबू में किए गए, लेकिन हिंसा की घटनाएं लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं।