Mediawali news, noida
ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पिता पर अपने ही 13 साल के बेटे की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने प्रॉपर्टी विवाद में परिवार के लोगों को फंसाने की साजिश रचते हुए बेटे की हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया। मृतक सुधांशु परिवार का इकलौता बेटा था और आठवीं कक्षा में पढ़ता था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मां का रो-रो कर बुरा हाल है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 7 मई को थाना कासना में 13 वर्षीय बच्चे के लापता होने की सूचना मिली थी। बच्चे के चाचा ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की और दो टीमों का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में सुधांशु अपने पिता के साथ कार में जाता दिखाई दिया। पुलिस ने आसपास के बच्चों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की। इसके बाद शक की सुई पिता पर जा टिकी। पुलिस ने जब बच्चे के पिता से सख्ती से पूछताछ की तो उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। आरोपी ने बताया कि उसने बेटे को अपने एक दोस्त के पास गुलिस्तानपुर गांव में छोड़ा है और वह पुलिस को वहां ले जाकर बरामद करा देगा। लेकिन पूछताछ के दौरान वह लगातार बयान बदलता रहा।
ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में मिला बच्चे का शव
देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि गुमशुदा बच्चे का शव ग्राम सिरसा स्थित छह प्रतिशत कॉलोनी के पास एक तालाब में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव की पहचान सुधांशु के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की गहराई से जांच की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पिता का परिवार में प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि उसने अपने ही बेटे की हत्या कर परिवार के अन्य लोगों को फंसाने की साजिश रची थी। हत्या के बाद शव को छह प्रतिशत कॉलोनी के पास तालाब में ठिकाने लगा दिया गया। पड़ोसियों के मुताबिक सुधांशु बेहद शांत स्वभाव का था और पढ़ाई में अच्छा था। वह परिवार का इकलौता बेटा था।
आरोपी पिता हिरासत में, घटना के बाद आत्महत्या करने का प्रयास
पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं घटना के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें आरोपी पिता खुद के गर्दन पर ब्लेड से वार कर आत्महत्या करने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। उसे कुछ लोग पकड़ते हैं और इलाज के लिए लेकर जाते दिखाई दे रहे हैं।